पलामू: क्या आप सोच सकते हैं कि जिस पिता ने बेटे को इस धरती पर जन्म दिया हो, वही पिता बेटे की बेरहमी से हत्या कर दे? झारखंड के पलामू से एक ऐसी ही घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने 25 साल के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी है और खुद फरार हो गया है।
Related Stories
पिता ने बेटे का गला रेता
पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी पिता ने कथित तौर पर अपने बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी। ये घटना शनिवार रात पांकी थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमित ठाकुर की तलाश जारी है, वह फरार हो गया है।
एसडीपीओ (लेस्लीगंज) मनोज कुमार झा ने इस मामले में बयान दिया है। उन्होंने बताया, "25 साल का सूरज ठाकुर अपने बिस्तर पर सो रहा था, तभी उसके पिता ने उस पर हमला कर दिया। आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है और उसकी पत्नी पिछले एक साल से लापता है।"
स्थानीय इलाके में हड़कंप
इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लेवल पर हड़कंप मचा हुआ है और इस बात को लेकर चर्चा हो रही है कि आखिर वो कौन से हालात होंगे, जब एक पिता ने अपने ही बेटे को इतनी बेरहमी से मार डाला। इस मामले के सामने आने के बाद जानकारों के बीच ये चर्चाएं भी तेज हैं कि आखिर मानव सभ्यता के बीच संवेदनशीलता और सहनशीलता इतनी कम क्यों होती जा रही है और क्यों वो लोग इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिनसे मृतक का इतना करीबी रिश्ता था।
वाकई में ये बात गौर करने लायक है कि बीते कुछ सालों में ऐसी घटनाएं काफी बढ़ रही हैं, जिसमें हत्या करने वाला शख्स, मृतक का ही करीबी होता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस मामले की पूरी जांच की जाएगी और जल्द ही इस राज से पर्दा उठेगा कि आखिर इस हत्याकांड को क्यों अंजाम दिया गया।
कुछ लोगों का ये भी कहना है कि हत्या का आरोपी किसी बात को लेकर काफी नाराज था, इसलिए उसने इतना बड़ा कदम उठाने का फैसला लिया होगा। हालांकि सच क्या है, ये तो जांच के बाद ही सामने आ पाएगा। (इनपुट: PTI)