1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. पहले मां ने, फिर पिता ने छोड़ा; सड़क पर भटकते 7 साल के मासूम को प्रशासन ने बचाया

पहले मां ने, फिर पिता ने छोड़ा; सड़क पर भटकते 7 साल के मासूम को प्रशासन ने बचाया

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 05, 2025 01:18 pm IST,  Updated : Oct 05, 2025 01:21 pm IST

खूंटी जिला प्रशासन ने सड़क पर भटक रहे सात साल के एक बच्चे को बचाकर उसे सरकार की ओर से मान्यता प्राप्त बाल गृह में सुरक्षित भेज दिया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PIXABAY.COM

झारखंड के खूंटी जिला प्रशासन ने मानवता दिखाते हुए सड़क पर भटक रहे सात साल के एक बच्चे को बचा लिया है और उसे सरकार की ओर से मान्यता प्राप्त बाल गृह में सुरक्षित भेज दिया है। बच्चे के माता-पिता ने उसे छोड़ दिया था, जिसके बाद वह बेसहारा हो गया था। जिले के बाल संरक्षण अधिकारी (DCPO) अलताफ खान ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह बच्चा अडकी प्रखंड के कुलापोटेड गांव का रहने वाला है।

बच्चे को माता-पिता ने छोड़ा

डीसीपीओ अलताफ खान के अनुसार, बच्चे को सड़क पर भटकने के लिए छोड़ने की कहानी दुखद है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बच्चे की मां ने गरीबी के कारण उसे और उसके पिता को कुछ समय पहले छोड़ दिया था।

इसके बाद, बच्चे के पिता भी कुछ हफ्तों पहले किसी अन्य राज्य में काम करने के लिए उसे अकेला छोड़कर चले गए। पिता के जाने के बाद से यह मासूम गांव में अकेला भटक रहा था और भोजन के लिए पूरी तरह से दूसरों पर निर्भर था।

मुखिया का घर भी छोड़कर चला गया बच्चा

अधिकारी ने बताया कि बच्चे की दयनीय हालत देखकर बोहोंडा पंचायत के मुखिया ने दया दिखाई और उसे कुछ दिनों के लिए अपने पास रख लिया। हालांकि,  किसी कारणवश बच्चा मुखिया का घर भी छोड़कर चला गया। भटकते हुए वह ट्रेन से खूंटी शहर पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने बच्चे को खूंटी की सड़कों पर अकेला घूमते देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया

सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और बच्चे को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने बच्चे को बचाकर कुछ दिनों के लिए पुलिस थाने में रखा और इसकी जानकारी बाल संरक्षण विभाग को दी। डीसीपीओ खान ने कहा, "हमने बच्चे को) यहां के बाल गृह में रखने की व्यवस्था की।" (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

कौन हैं राजिंदर गुप्ता? जिन्हें AAP ने पंजाब से राज्यसभा भेजने के लिए चुना, नाम पर लगी मुहर

जालंधर ग्रेनेड हमले के 4 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल, आतंकवादी संगठन BKI के लिए धन जुटाने की थी बड़ी साजिश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।