1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. झुंझुनूं: पहले रस्सी से गला घोंटकर पत्नी को मारा, फिर उसी रस्सी से फंदा लगाकर किया सुसाइड

झुंझुनूं: पहले रस्सी से गला घोंटकर पत्नी को मारा, फिर उसी रस्सी से फंदा लगाकर किया सुसाइड

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 24, 2025 01:48 pm IST,  Updated : Feb 24, 2025 01:48 pm IST

शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति ने पहले रस्सी से पत्नी का गला घोटा फिर उसी रस्सी से आत्महत्या कर ली। घटना के समय बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। इस वजह से उन्हें माता-पिता की मौत की भनक तक नहीं लगी।

Husband Wife- India TV Hindi
मृतक पति-पत्नी Image Source : INDIA TV

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में पारिवारिक कलह के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के मुकुंदगढ़ कस्बे में एक पति ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना मुकुंदगढ़ के वार्ड 24 स्थित लीलगर मोहल्ले की है। मुकुंदगढ़ थानाधिकारी सरदारमल यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान रफीक रंगरेज (40) और उनकी पत्नी परवीन बानो (38) के रूप में हुई है। 

मृतक दंपत्ति के बेटे समीर ने माता-पिता के कमरे का दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का नजारा देखकर वह चौंक गया। उसके पिता रफीक का शव रस्सी के फंदे पर लटका हुआ था, जबकि उसकी मां परवीन बानो चारपाई पर मृत पड़ी थी। और उसके गले पर रस्सी के निशान थे।

घरेलू कलह बनी मौत की वजह

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि रफीक और परवीन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने भी बताया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। दो-तीन दिन पहले भी उनमें कहा-सुनी हुई थी। हालांकि, यह विवाद इतना गंभीर था कि यह दर्दनाक अंजाम लेगा, इसका किसी को अंदाजा नहीं था।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। मौके पर MOB और फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतका परवीन बानो के गले में रस्सी के निशान थे। जिससे संभावना जताई जा रही है कि रफीक ने पहले पत्नी परवीन बानो की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की और फिर उसी रस्सी से खुद फांसी लगा ली। बरहाल पुलिस अभी इस घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जानने के लिए जांच कर रही है।

घटना के समय घर में थे बच्चे

रफीक और परवीन के दो बच्चे हैं। बेटा समीर (19) और बेटी सिमरन (16)। घटना के समय दोनों बच्चे घर में मौजूद थे, लेकिन वे अलग कमरे में सो रहे थे। बेटे समीर ने जब सुबह दरवाजा तोड़ा, तब उसे इस भयावह घटना का पता चला। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों से पूछताछ जारी है ताकि आत्महत्या और हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

(झुंझुनूं से अमित शर्मा की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।