बेंगलुरू में बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां उधार लौटाने का दवाब पड़ने के बाद नाराज शख्स ने रिश्तेदार के घर में ही आग लगा दी। ये चौंकाने वाली घटना CCTV में कैद हो गई है जिसे देखकर हर कोई हैरान है। जानकारी के मुताबिक, पैसों को लेकर लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद हत्या के प्रयास में बदल गया, जिसमें आरोपी ने एक घर में आग लगा दी। आइए जानते हैं इस घटना के बारे में सबकुछ।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरी घटना 1 जुलाई को शाम करीब 5:30 बजे हुई है। घटना शहर के विवेक नगर इलाके की है। पुलिस के अनुसार, वेंकटरमणी नाम की महिला के घर आग लगाई गई है। उनकी एक रिश्तेदार पार्वती ने अपनी बेटी महालक्ष्मी की शादी के लिए करीब 7-8 साल पहले उनसे 5 लाख रुपये का कर्ज लिया था। कई बार याद दिलाने के बावजूद, यह रकम कभी नहीं चुकाई गई।
क्यों लगाई गई घर में आग?
हाल ही में एक पारिवारिक शादी के दौरान ये तनाव फिर से उभर आया, जहां वेंकटरमणी ने पार्वती से एक बार फिर पैसे मांगे। इससे पार्वती नाराज हो गई और उसने कथित तौर पर अपने भाई सुब्रमणी के साथ मिलकर बदला लेने का फैसला किया। 1 जुलाई की शाम को सुब्रमणि और पार्वती वेंकटरमणी के घर पर आए, जहां वह अपने दो बेटों सतीश और मोहनदास के साथ रहती हैं। सुब्रमणी अपने साथ बोतल में पेट्रोल लेकर आया और उसने ने घर पर खड़ी बाइक और खिड़की के जरिये रूम के अंदर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।
कैसे बच गए घर वाले?
घटना के दौरान वेंकटरमणी और उसका दूसरा बेटा मोहन दास घर के अंदर थे। स्थानीय लोगों की चीख-पुकार सुनकर दोनों अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे। घर का अगला हिस्सा और खिड़कियां आग में जलकर खाक हो गईं। सतीश ने विवेकनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर सुब्रमणि, पार्वती और महालक्ष्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बीएनएस, 2023 (यू/एस-109, 326(जी), 351(2), 352) के तहत एफआईआर दर्ज की और फरार आरोपियों को पकड़ने की कवायद तेज कर दी है।
ये भी पढ़ें- शादी में दहेज नहीं मिला तो बेटे की करा दी दूसरी शादी, नई नवेली पहली बहू की कर दी हत्या
ऑफिस के लेडी वॉशरूम में लगाया हिडेन कैमरा, बनाया अश्लील वीडियो, इन्फोसिस का कर्मचारी गिरफ्तार