1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दूसरी जाति के युवक से प्यार करती थी बेटी, पिता ने गला घोंटकर कर दी हत्या, घर के आंगन में जलाया शव

दूसरी जाति के युवक से प्यार करती थी बेटी, पिता ने गला घोंटकर कर दी हत्या, घर के आंगन में जलाया शव

 Reported By: T Raghavan Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 30, 2025 10:37 am IST,  Updated : Aug 30, 2025 10:48 am IST

पिता द्वारा बेटी को जान से मारने में रिश्तेदारों ने भी साथ दिया है। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में बाकी दो आरोपी फरार हैं। पुलिस की टीम फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : INDIA TV

कर्नाटक के कलबुर्गी जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मेलाकुंडा गांव में एक पिता ने अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी, क्योंकि वह दूसरी जाति के एक युवक से प्यार करती थी। मृतका की पहचान कविता कोल्लूर के रूप में हुई है। कविता उसी गांव के दूसरी जाति के एक युवक से प्यार करती थी। 

गांव के ऑटो चालक से प्यार करती थी बेटी

आरोपी पिता को लगा कि बेटी के इस फैसले से उसकी इज्जत को खतरा है। पिता ने सबूत मिटाने के लिए उसने बेटी के शव को आग लगा दी। कविता ने पीयूसी की पढ़ाई पूरी कर ली थी। नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। वह उसी गांव के एक ऑटो चालक से प्यार करती थी।

लड़के को छोड़ने से बेटी ने किया इनकार

कविता के प्यार के बारे में जानकर पहले तो माता-पिता ने बेटी को डांटने-फटकारने और उसे सही रास्ते पर लाने की कोशिश की। लेकिन जब युवती ने अपने प्यार करने वाले लड़के को छोड़ने से इनकार कर दिया, तो उन्होंने उसे प्रताड़ित किया। 

हत्या के बाद आत्महत्या की गढ़ी कहानी

कल रात उसके पिता शंकर कोल्लूर ने कविता पर हमला किया। कविता के पिता के साथ उनके रिश्तेदार शरणप्पा और दत्तप्पा भी थे। आरोपी ने पहले कविता पर हमला किया। फिर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। फिर किसी को शक न हो, इसके लिए उन्होंने उस पर कीटनाशक डालकर आत्महत्या की कहानी गढ़ने की योजना बनाई। 

घर के आंगन में जलाया शव

उसकी मौत के बाद उन्होंने यह खबर फैला दी कि उसने आत्महत्या कर ली है। आनन-फानन में उसकी लाश को अपने ही घर के आंगन में जला दिया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने फरहताबाद थाने में फोन करके कविता की हत्या की सूचना दी।

आरोपी पिता गिरफ्तार

पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। गांव जाकर परिवार से पूछताछ की गई। पिता ने पूरी कहानी बयान कर दी। बेटी की हत्या के आरोप में पिता शंकर कोल्लूर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी दो आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।