कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के बांटवाल इलाके में बीते गुरुवार को KSRTC बस स्टैंड पर एक युवती की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक युवती की पहचान काक्यापाडावु के पास कोडंगे की रहने वाली 21 साल की लावण्या के तौर पर हुई है, जो बालाप्पा गौड़ा की बेटी थी। वह कल्लडका के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में काम करती थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने आरोपी की पहचान 22 साल के चेतन के रूप में की है। बताया जा रहा है कि चेतन, पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है और एकतरफा प्यार के कारण उसका पीछा कर रहा था।
लावण्या का पीछा करते हुए बस में चढ़ा था चेतन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लावण्या, काक्यापाडावु जाने के लिए KSRTC बस में बैठी थी। चेतन, जो एक i10 कार में इंतजार कर रहा था, उसके पीछे बस में चढ़ गया। बस के अंदर लावण्या ने कथित तौर पर फोन पर एक रिश्तेदार को बताया कि उसके बगल में एक युवक बैठा है, जिसके बाद कॉल कट गया।

प्यार का प्रपोजल ठुकराया तो लड़के ने निकाल लिया चाकू
लावण्या और चेतन दूर के रिश्तेदार बताए जाते हैं और ऐसा कहा जा रहा है कि चेतन, लावण्या से एक तरफा प्यार करता था। जब लावण्या से उसने पूछा तो लावण्या ने उसका प्रेम प्रस्ताव ठुकरा दिया, जिससे चेतन बेहद नाराज हो गया। फिर, कुछ देर बाद चेतन ने अपने बैग से बड़ा चाकू निकाला, जिससे लावण्या डर गई और बस से उतरकर अपनी जान बचाने के लिए भागने लगी।
चाकू से लावण्या पर किए कई जानलेवा वार
चश्मदीदों ने बताया कि बस से उतरते ही चेतन ने उसका पीछा किया और चाकू से लावण्या पर जबरदस्त हमला कर दिया। हालांकि, लावण्या ने अपनी जान बचाने के लिए भागने की पूरी कोशिश की, लेकिन हमलावर ने उसे पकड़ लिया और उसपर जानलेवा वार किए। युवती को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी घटनास्थल से भाग गया।
पुलिस की जांच में अहम सबूत है हमले का वीडियो
वहां, मौजूद एक व्यक्ति ने महिला पर हमले का खौफनाक वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस की जांच में यह अहम सबूत बन गया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
इस वारदात की खबर मिलने पर बंटवाल सब-डिविजन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, टाउन पुलिस इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। दक्षिण कन्नडा जिले के पुलिस अधीक्षक अरुण के. ने भी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। फरार आरोपी का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें बनाई गई हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। ऐसा ही एक मामला बेंगलुरु में भी हाल में सामने आया, जिसमें युवक ने ब्रेकअप करने पर युवती को मौत के घाट उतार दिया था।
ये भी पढ़ें- बेंगलुरु में सिरफिरे ने मां, दादी और साले के तिहरे हत्याकांड को दिया अंजाम, फिर खुद भी लगा ली फांसी