कर्नाटक के बेंगलुरू से सामूहिक हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दरअसल, बेंगलुरु के कोट्टीगेपाल्या इलाके में अयप्पा मंदिर के पास आज (शनिवार को) सुबह एक ही परिवार के सदस्यों से जुड़ी ट्रिपल मर्डर और उसके बाद आत्महत्या की घटना हुई। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
तीन रिश्तेदारों की जान लेकर खुद भी लगाई फांसी
बता दें कि ट्रिपल मर्डर मामले के आरोपी की पहचान प्रशांत के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था। उसने अपने तीन रिश्तेदारों की जान लेने के बाद खुद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
मां और दादी को उतारा मौत के घाट
आरोपी प्रशांत की उम्र 34 साल थी और वह ड्राइवर के तौर पर काम करता था। प्रशांत ने 55 साल की मां मंगलाम्मा जो गारमेंट फैक्ट्री में वर्कर के तौर पर काम करती थीं, उन्हें बेरहमी से मार डाला। इसके अलावा, उसने अपनी 65 साल की दादी मां नंजम्मा को मौत के घाट उतार दिया जो सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थीं।
साले की जान लेकर प्रशांत ने कर ली खुदकुशी
आरोप के मुताबिक, सिरफिरा प्रशांत यहां भी नहीं रुका। उनसे अपने 50 साल के साले सतीश की भी जान ले ली। वह अविवाहित था और प्लंबर के रूप में काम करता था। इसके बाद, प्रशांत नहीं रुका और उसने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पारिवारिक विवाद और आरोपी की मेंटल हालत को लेकर सवाल
पुलिस के अनुसार, सुबह इस घटना की खबर मिलने के बाद कोट्टीगेपाल्या पुलिस थाना और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पूरे क्षेत्र को घेरकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए और चारों बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में यह केस फैमिली डिस्प्यूट और आरोपी की मेंटल हालत से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। हालांकि, इस घटना की सभी एंगल से जांच कर रही है।
सभी एंगल से जांच करने में जुटी पुलिस
लोकल लोगों ने बताया कि इस भयानक वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। अंदाजा नहीं था कि फैमिली के साथ इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। बेटा ही परिवार के लोगों के खत्म कर देगा और अपनी जान भी ले लेगा। पुलिस, मृतकों के परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ करके वारदात के पीछे के असली कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)