1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. महोबा के निलंबित पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित

महोबा के निलंबित पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 04, 2021 08:52 pm IST,  Updated : Jun 04, 2021 08:52 pm IST

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक क्रशर व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से मौत के मामले में फरार चल रहे भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के निलंबित पुलिस अधीक्षक (SP) मणिलाल पाटीदार पर घोषित इनाम बढ़ा दिया गया है।

Manilal Patidar, Manilal Patidar Absconding IPS, Mahoba Absconding IPS- India TV Hindi
फरार चल रहे IPS अफसर मणिलाल पाटीदार पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित हुआ है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक क्रशर व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से मौत के मामले में फरार चल रहे भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के निलंबित पुलिस अधीक्षक (SP) मणिलाल पाटीदार पर घोषित इनाम बढ़ा दिया गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाटीदार पर इनाम 50 हजार रुपये से बढ़ाकर शुक्रवार को एक लाख रुपये कर दिया गया है। बता दें कि इस मामले में पाटीदार के खिलाफ पहले हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन व्यवसायी की मौत के बाद यह हत्या की धारा-302 में बदल गया था।

महोबा जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) राजेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि प्रयागराज रेंज के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) प्रेम प्रकाश ने महोबा के कबरई कस्बे के क्रशर व्यवसायी इन्द्रकांत त्रिपाठी की आत्महत्या मामले में पिछले आठ माह से फरार चल रहे महोबा के निलंबित पुलिस अधीक्षक (SP) मणिलाल पाटीदार के ऊपर घोषित इनाम 50 हजार रुपये से बढ़ाकर अब शुक्रवार को एक लाख रुपये कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि सितंबर 2020 में महोबा में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार के खिलाफ 6 लाख रुपये की रिश्वत मांगे जाने संबंधी एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के कुछ घंटे बाद कबरई कस्बे के क्रशर व्यवसायी इन्द्रकांत त्रिपाठी संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से अपनी कार में घायल पाए गए थे और बाद में कानपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस सिलसिले में पाटीदार के खिलाफ पहले हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन व्यवसायी की मौत के बाद यह हत्या की धारा-302 में बदल गया था।

बाद में एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आत्महत्या के लिए बाध्य करने की धारा-306 आईपीसी भी जोड़ी गई थी। निलंबित पुलिस अधीक्षक पाटीदार मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।