नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 35 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पत्नी का फब्ती कसने और छेड़छाड़ करने पर एक युवक से झगड़ा गया था। युवक बीच-बचाव कर रहा था। पुलिस के मुताबिक मुस्लिन (18) और उसके मामा को कथित हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। मृतक की पहचान न्यू सीमापुरी निवासी अकबर अली मिर्जा के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सोमवार रात करीब 11.56 बजे सीमापुरी थाने में झगड़े के संबंध में पीसीआर कॉल आई थी। मृतक की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, परिवार के परिचित मुस्लिन ने कथित तौर पर उन्हें गालियां दीं और फब्तियां कसी। विरोध करने पर भी वह नहीं माना और मारपीट करने लगा। अधिकारियों ने तहरीर के हवाले से बताया कि जब अकबर अली ने स्थिति को शांत करने के लिए हस्तक्षेप किया तो मुस्लिन के मामा उसके समर्थन में मौके पर पहुंचे और अली पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि अली मिर्जा को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और साक्ष्य एकत्र किए। उन्होंने बताया, ‘‘छेड़छाड़ और हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्य हमलावर सहित दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।’’ अधिकारियों के मुताबिक अली मिर्जा पहले ही सीमापुरी पुलिस थाने में ‘बदमाश’ के रूप में सूचीबद्ध था। उन्होंने बताया कि जानलेवा हमले के पीछे के असली मकसद सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
मुंबई: शादी के 11 महीने बाद महिला की मौत, ससुराल वालों पर धीमा जहर देकर मारने का आरोप; 6 गिरफ्तार
बाज नहीं आएंगे ये लोग! टीपू सुल्तान समर पैलेस पर लिख दिया लॉरेंस बिश्नोई का नाम; लोगों में आक्रोश
संपादक की पसंद