1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. किसी लड़के से बात करती थी बहन, नाराज भाई ने गला रेतकर कर दी हत्या

किसी लड़के से बात करती थी बहन, नाराज भाई ने गला रेतकर कर दी हत्या

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 31, 2026 07:29 pm IST,  Updated : May 31, 2026 07:35 pm IST

मुजफ्फरनगर से हत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक भाई ने अपनी 21 साल की सगी बहन की गला रेतकर हत्या कर दी। बात बस इतनी सी थी कि बहन किसी युवक से बात करती थी।

भाई ने की बहन की हत्या।- India TV Hindi
भाई ने की बहन की हत्या। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र से 'ऑनर किलिंग' का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार दोपहर ग्राम आदमपुर में एक भाई ने अपनी ही 21 वर्षीय सगी बहन की गला रेतकर हत्या कर दी। इस हत्या की वारदात का पता चलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12:50 बजे थाना शाहपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम आदमपुर में एक भाई ने अपनी बहन की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेंद्र पाल सिंह और थानाध्यक्ष शाहपुर गजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

पुलिस जांच में क्या आया सामने?

मृतका की पहचान अदीबा (21 वर्ष) पुत्री शकील उर्फ वीर कुरैशी निवासी ग्राम आदमपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह तथ्य सामने आया है कि अदीबा किसी युवक से बातचीत करती थी, जिससे उसका भाई नाराज था। इसी बात को लेकर आरोपी भाई ने कथित रूप से बहन की गला रेतकर हत्या कर दी।

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मृतका की माता से भी बातचीत कर घटना की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव की आशंका के मद्देनजर पुलिस बल तैनात है। प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

(रिपोर्ट- योगेश त्यागी)

ये भी पढ़ें-

खेलते-खेलते स्विमिंग पूल में जा गिरा 13 महीने का मासूम, डूबकर हुई मौत; पूरी घटना CCTV में कैद

सल्फास को चॉकलेट समझकर आपस में बांटकर खा गईं 4 सहेलियां, एक की मौत, तीन की हालत गंभीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।