1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. भाई की पत्नी ने स्वीकार नहीं किया प्रपोजल तो जेठ ने उतार दिया मौत के घाट, पढ़ें ये खौफनाक मामला

भाई की पत्नी ने स्वीकार नहीं किया प्रपोजल तो जेठ ने उतार दिया मौत के घाट, पढ़ें ये खौफनाक मामला

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 06, 2026 06:20 am IST,  Updated : May 06, 2026 07:13 am IST

ओडिशा के बलांगीर में एक शख्स ने अपने छोटे भाई की पत्नी की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, महिला ने आरोपी का प्रेम निवेदन स्वीकार नहीं किया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

odisha Balangir brother wife murder- India TV Hindi
भाई की पत्नी का कातिल गिरफ्तार। Image Source : REPORTER

ओडिशा के बलांगीर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। यह मामला मुरिबहाल थाना क्षेत्र के चित्रामुंडा गांव का है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान भोजराज साहू के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका का नाम जानकी साहू उर्फ रंजू बताया जा रहा है। घटना 2 मई की रात की है, लेकिन इसका खुलासा दो दिन बाद तब हुआ जब गांव के पास से महिला का शव बरामद किया गया।

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि मृतका का पति काफी समय से बाहर राज्य में मजदूरी करता है, जिसके कारण वह गांव में अकेली रह रही थी। इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी भोजराज, जो रिश्ते में उसका जेठ बताया जा रहा है, उसके करीब आने की कोशिश करने लगा। शुरू में दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, लेकिन बाद में स्थिति बदल गई। धीरे धीरे भोजराज लगातार महिला पर रिश्ते का दबाव बनाने लगा, लेकिन महिला ने उसके प्रस्ताव को बार-बार ठुकरा दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। घटना वाली रात, गुस्से में आकर आरोपी ने महिला पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश भी की गई, ताकि मामला छिपाया जा सके।

आरोपी हिरासत में लिया गया

पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया जिसके बाद उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया। मंगलवार सुबह पुलिस ने घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन भी कराया, जिसमें आरोपी ने पूरी वारदात को दोहराते हुए बताया कि किस तरह उसने इस खौफनाक हत्या को अंजाम दिया।

पुलिस ने क्या बताया?

एसडीपीओ लक्ष्मीनारायण मरांडी ने कहा,"मृतका के भाई ब्रह्मराज साहू ने एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर के बाद जांच में पता चला कि आरोपी के प्रेम निवेदन के विफल होने के बाद उन्होंने मृतका की हत्या कर उसे दुनिया से हटा देने की प्लानिंग की थी और उनकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कोर्ट फॉरवर्ड कर दिया जाएगा। आरोपी का नाम भोजराज साहू (पिता - सुंदर साहू) के रूप में हुई है। आरोपी मुरीबहाल थाना अंतर्गत चित्रामुंडा गांव का निवासी है। हमें कई सबूत मिले हैं और हम अभी मामले की आगे की जांच कर रहे हैं। अभी तक एक व्यक्ति के शामिल होने का सबूत मिला हैं,लेकिन जैसे ही हमें और लोगों के खिलाफ सबूत मिलेंगे,हम आगे भी गिरफ्तारियां करेंगे। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल हुआ पत्थर और 2 फोन जब्त कर लिया गया है। घटनास्थल पर जाकर हमनें सबूत इकट्ठा किए हैं और कई और चीजें भी जब्त किए गए हैं। हमनें जब्त फोन के सीडीआर निकलवाए हैं ,जिससे पता चला कि आरोपी ने 2 महीनों में मृतका को 219 कॉल किए थे और ऐसे भी कई प्रमाण मिले हैं जिन्हें देखने से समझ आ रहा है कि उन्होंने कई बार प्रेम निवेदन भी किया है। जब मृतका ने आरोपी को अवॉइड किया तो आरोपी ने गुस्से में आकर मृतका की हत्या कर दी।"

आरोपी से लगातार पूछताछ जारी

फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि मामले की हर सच्चाई सामने लाई जा सके। इस पूरी घटना ने यह साफ दिखा दिया है कि किस तरह निजी रिश्तों में पैदा हुआ तनाव और गलत सोच एक भयानक अपराध का रूप ले सकता है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।