1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. जमीन विवाद में चाचा की हत्या, भतीजे ने बड़े पत्थर से हमला कर ली जान

जमीन विवाद में चाचा की हत्या, भतीजे ने बड़े पत्थर से हमला कर ली जान

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 26, 2026 08:18 am IST,  Updated : May 26, 2026 08:18 am IST

मृतक और उनके भतीजे के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार स्थानीय थाने में शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी थीं।

मृतक सुभाष बारिक- India TV Hindi
मृतक सुभाष बारिक Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के केंद्रापड़ा में लंबे समय से चल रहा जमीन विवाद एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया। आरोप है कि पारिवारिक झगड़े के दौरान भतीजे ने अपने ही चाचा पर बड़े पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। यह घटना रविवार रात शहर के शांतासाही इलाके में हुई, जो कि केंद्रापड़ा टाउन पुलिस स्टेशन से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।

मृतक की पहचान शांतासाही निवासी सुभाष बारिक के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल देखा गया। परिजनों ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस अब तक पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

काम से लौटते वक्त हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, सुभाष बारिक और उनके रिश्तेदार भतीजे हिमांशु बारिक के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले को लेकर पहले भी कई बार थाने में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।

बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 10 बजे सुभाष काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके घर के पास जमीन की बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि इसी दौरान हिमांशु बारिक ने पास में पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाकर सुभाष के सिर पर हमला कर दिया।

हमले में सुभाष गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। परिवार के लोग और स्थानीय निवासी तुरंत उन्हें जिला मुख्यालय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सोमवार को वैज्ञानिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वहां से अपराध में इस्तेमाल किए गए सामान को जब्त किया गया। पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

प्रेम प्रसंग विवाद में रिश्तेदारों ने की युवक की हत्या, ट्रक से टक्कर मरवाई; फिर शव को फेंका

भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, IMD ने जारी किया अलर्ट; बताया किन राज्यों में होने वाली है बारिश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।