1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. हैवानियत की हद: रेप केस में मिली पैरोल, बाहर आकर नाबालिग बेटी-भतीजी से ही किया दुष्कर्म

हैवानियत की हद: रेप केस में मिली पैरोल, बाहर आकर नाबालिग बेटी-भतीजी से ही किया दुष्कर्म

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Oct 30, 2024 08:46 am IST,  Updated : Oct 30, 2024 08:46 am IST

छत्तीसगढ़ में शर्मनाक मामला सामने आया है। एक शख्स जो दुष्कर्म के आरोप में सजा काट रहा था वो पैरोल पर बाहर आया और उसने अपनी ही नाबालिग बेटी और भतीजी के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।

rapist arrest- India TV Hindi
हैवानियत की हद Image Source : FILE

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। एक बलात्कार के आरोपी को पैरोल मिली तो जेल से बाहर आने के बाद उसने अपनी ही नाबालिग बेटी और भतीजी से दुष्कर्म किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि 11 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय भतीजी से बलात्कार के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी व्यक्ति बलात्कार के मामले में पहले से ही आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और पैरोल पर छूटा था।

बेटी से फिर भतीजी से किया दुष्कर्म

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि  22 अक्टूबर को 11 साल की नाबालिग लड़की ने बैकुंठपुर थाने में पुलिस को बताया कि उसके पिता ने 19 अक्टूबर की रात लगभग 12 बजे उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बलात्कार किया। लड़की ने पुलिस को जानकारी दी कि आरोपी व्यक्ति यानी उसका बाप 21 अक्टूबर की दोपहर लकड़ी लेने के बहाने उसे जंगल ले गया और एक बार फिर उसके साथ बलात्कार किया। 

हैरत की बात ये है कि ठीक उसी दिन 22 अक्टूबर को 12 साल की एक और लड़की थाने पहुंची और उसने शिकायत की कि 21 अक्टूबर की शाम लगभग पांच बजे जब वह घर में थी तब उसका सगा चाचा उसे पकड़कर करीब के जंगल में ले गया और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बलात्कार किया। घटना के बाद 21 अक्टूबर की रात से ही वह फरार था। ये वही शख्स था जिसके खिलाफ उसकी बेटी ने दुष्कर्म की केस दर्ज कराई थी। उसने पहले बेटी और फिर भतीजी से उसने दुष्कर्म किया था।

दुष्कर्म के केस में मिली थी आजीवन कारावास की सजा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी व्यक्ति 2020 में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और अंबिकापुर जेल में बंद था। कुछ समय पहले ही वह पैरोल पर छूटकर अपने घर आया था। पुलिस ने मोबाइल फोन के आधार पर 26 अक्टूबर को उसे कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहाड़ी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।