1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. चाचा ने ही दिए जख्म, पांच साल की बच्ची से 16 साल के लड़के ने किया कुकर्म, ऐसे खुला राज

चाचा ने ही दिए जख्म, पांच साल की बच्ची से 16 साल के लड़के ने किया कुकर्म, ऐसे खुला राज

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Nov 16, 2024 10:13 pm IST,  Updated : Nov 16, 2024 10:13 pm IST

यूपी के कुशीनगर में एक पांच साल की बच्ची के साथ पड़ोस में ही रहने वाले 16 साल के किशोर ने कुकर्म की घटना को अंजाम दिया है। बच्ची उसे चाचा-चाचा कहकर बुलाती थी और उसी ने ऐसा काम कर दिया।

पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म- India TV Hindi
पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म Image Source : FILE PHOTO

गोरखपुर: कुशीनगर जिले में पांच वर्षीय बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले एक 16 साल के नाबालिग लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह शर्मनाक घटना रामकोला थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी 16 वर्षीय लड़का, बच्ची के घर के पड़ोस में ही रहता है और पांच साल की बच्ची उसे चाचा कहकर बुलाती थी और उसके साथ खेलती थी। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, दी धमकी

घटना के बारे में कुशीनगर जिले के खड्डा क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) उमेश चंद भट्ट ने बताया कि नाबालिग आरोपी किशोर फिलहाल कानूनी कार्रवाई होने तक पुलिस की निगरानी में है। उन्होंने बताया कि आरोपी किशोर बच्ची को बहला-फुसलाकर एक कमरे में ले गया, जहां उसने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया। अधिकारी ने बताया कि उसने बच्ची को धमकाया और घटना के बारे में चुप रहने की चेतावनी दी थी लेकिन बच्ची दर्द से पीड़ित थी और उसने अपनी मां को सारी बात बता दी।

पड़ोस में ही रहता है नाबालिग किशोर

उन्होंने बताया कि मां जब बच्ची को डॉक्टर के पास लेकर गई तब जाकर उन्हें सारी बात मालूम हुई। भट्ट ने बताया कि मामले की जानकारी होने पर बच्ची के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि बच्ची के पिता की चाय की दुकान है जबकि आरोपी किशोर नाई का काम करता है। वह बच्ची के पड़ोस में ही अपनी दो बहनों के साथ रहता है। अधिकारी ने मामले की जांच के बाद कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया और बताया कि बच्ची की मेडिकल जांच पूरी हो चुकी है और उसका इलाज जारी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।