1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. देश के कई राज्यों में ATM हैक करने वाले गैंग के 6 बदमाश नोएडा में गिरफ्तार

देश के कई राज्यों में ATM हैक करने वाले गैंग के 6 बदमाश नोएडा में गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 28, 2021 11:42 pm IST,  Updated : Jul 28, 2021 11:42 pm IST

ATM को हैक कर पैसा निकालने वाले एक गिरोह के 6 बदमाशों को उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (STF) व थाना सेक्टर 20 पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई के तहत बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।

ATM Hacks In Noida, Gang Held ATM Hacks In Noida, ATM Hacks Gang Held In Noida- India TV Hindi
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने देश के कई राज्यों में ATM हैक कर पैसा निकालने की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

नोएडा: ATM को हैक कर पैसा निकालने वाले एक गिरोह के 6 बदमाशों को उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (STF) व थाना सेक्टर 20 पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई के तहत बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार हुए बदमाशों के पास से 52 डेबिट कार्ड, एक कार, 17 हजार रुपये नकद तथा 3 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने देश के कई राज्यों में ATM हैक कर पैसा निकालने की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक कुलदीप नारायण ने बताया कि एक सूचना के आधार पर STF तथा थाना सेक्टर 20 पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर बुधवार को अमित, कृष्णकांत, अनूप कुमार, आशीष सिंह, रिंकू यादव तथा प्रत्यूष उर्फ पीयूष को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इन लोगों के पास से पुलिस ने 52 डेबिट कार्ड, तीन मोबाइल फोन, 17 हजार रुपये नकद तथा एक कार बरामद की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि ये लोग विभिन्न एटीएम को हैक कर उनसे पैसे निकालते थे।

कुलदीप नारायण ने बताया कि इस मामले में आरबीएल बैंक के प्रबंधक प्रवीण कुमार त्यागी ने थाना सेक्टर 20 में मामला दर्ज कराया था जिसमें विभिन्न एटीएम से धोखाधड़ी कर 20 लाख रुपये निकाले जाने की शिकायत की गई थी। नारायण ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश के सागर जनपद में भी जेल जा चुके हैं। इन लोगों ने कई राज्यों में एटीएम हैक कर नकदी निकालने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों में अमित बीएससी का छात्र है तथा कानपुर जनपद का रहनेवाला है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।