1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. स्पेन की महिला से झारखंड में गैंग रेप मामले में 3 गिरफ्तार, 4 की तलाश जारी

स्पेन की महिला से झारखंड में गैंग रेप मामले में 3 गिरफ्तार, 4 की तलाश जारी

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 04, 2024 09:07 am IST,  Updated : Mar 04, 2024 09:07 am IST

झारखंड में बीते दिनों स्पेन की एक महिला के साथ गैंग रेप का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

स्पेन की महिला से गैंगरेप मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार।- India TV Hindi
स्पेन की महिला से गैंगरेप मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

दुमका: स्पेन की पर्यटक से सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को झारखंड के दुमका जिले की एक अदालत के समक्ष रविवार को पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि स्पेन की महिला से कथित दुष्कर्म राज्य की राजधानी रांची से करीब 300 किलोमीटर दूर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुमरुमाहाट में शुक्रवार को तब हुआ, जब वह रात अपने पति के साथ एक तंबू में बिता रही थी। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का बयान भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा-164 के तहत दर्ज किया गया है। 

जांच में हुई दुष्कर्म की पुष्टि

पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि महिला की चिकित्सकीय जांच कराई गई, जिसमें बलात्कार की पुष्टि हुई। उन्होंने कहा कि अपराध में कथित तौर पर शामिल 7 लोगों में से 3 को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य 4 को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। खेरवार ने बताया कि ‘‘अन्य चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘पुलिस नयी दिल्ली स्थित स्पेन के दूतावास के संपर्क में है और उसे घटनाक्रम से अवगत कराया जा रहा है।’’ यह पूछे जाने पर कि दंपति कब झारखंड से जाएगा तो पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ‘‘कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं। हम आपको इसके बारे में बाद में बताएंगे।’’ 

बांग्लादेश से आए थे दुमका

पुलिस के मुताबिक 28 वर्षीय महिला और उसके 64 वर्षीय पति दो मोटरसाइकिल के जरिये बांग्लादेश से दुमका पहुंचे थे और बिहार के रास्ते नेपाल जा रहे थे। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने भी पीड़िता से मुलाकात की। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि यह झारखंड की कानून व्यवस्था की स्थिति को उजागर करता है। ममता कुमारी ने कहा कि ‘‘अपराध में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।’’ 

(इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें- 

विदेशी महिलाओं ने व्यवसायी को फर्जी रेप केस में फंसाने की धमकी देकर की लूटपाट, 6 गिरफ्तार

जेपी नड्डा से आज मुलाकात करेंगे भोजपुरी स्टार पवन सिंह, सीट को लेकर हो सकती है बात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।