1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. अंडरवर्ल्ड डॉन सुरेश पुजारी फिलीपींस में गिरफ्तार, मुंबई में दर्ज हैं अपराध के कई मामले

अंडरवर्ल्ड डॉन सुरेश पुजारी फिलीपींस में गिरफ्तार, मुंबई में दर्ज हैं अपराध के कई मामले

 Reported By: JP Singh
 Published : Oct 20, 2021 09:41 am IST,  Updated : Oct 20, 2021 09:41 am IST

ठाणे पुलिस ने सुरेश पुजारी के खिलाफ एक लुकआउट नोटिस जारी किया था और उसके खिलाफ इंटरपोल का एक रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था।

अंडरवर्ल्ड डॉन सुरेश पुजारी फिलीपींस में गिरफ्तार, दर्ज हैं अपराध के कई मामले- India TV Hindi
अंडरवर्ल्ड डॉन सुरेश पुजारी फिलीपींस में गिरफ्तार, दर्ज हैं अपराध के कई मामले Image Source : INDIA TV

मुंबई: अंडरवर्ल्ड डॉन सुरेश पुजारी को फिलीपींस के परांक्वी शहर में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुजारी की गिरफ्तारी एफबीआई से मिले इनपुट के आधार पर हुई है। मुंबई और आसपास के इलाकों में वसूली के कई मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। सुरेश पुजारी  के खिलाफ ठाणे में वसूली के कम से कम 23 मामले दर्ज हैं। उसे जल्द भारत डिपोर्ट किया जा सकता है।

जानकारी के मुताबिक ठाणे पुलिस ने सुरेश पुजारी के खिलाफ एक लुकआउट नोटिस जारी किया था और उसके खिलाफ इंटरपोल का एक रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था। सुरेश, गैंगस्टर रवि पुजारी का एक करीबी रिश्तेदार है जिसे दो साल पहले सेनेगल में गिरफ्तार किये जाने के बाद स्वदेश (भारत) भेज दिया गया था। अधिकारी ने बताया कि रवि पुजारी से अलग होने के बाद सुरेश विदेश भाग गया। 

सुरेश पुजारी मूल रूप से उल्लासनगर का रहनेवाला है। साल, 2007 में वह भारत से भागा था। वह अलग-अलग देशों में सुरेश पुजारी के अलावा सुरेश पुरी और सतीश पई के नाम से भी रह रहा था और उसने इन नामों से फर्जी पासपोर्ट भी बनवाए थे।

सुरेश पुजारी पहले डॉन रवि पुजारी के साथ काम करता था। करीब दस साल पहले वह रवि पुजारी से अलग हो गया था और खुद का गैंग बना लिया था। नवी मुंबई, मुंबई और ठाणे में डांस बार मालिकों को वह उगाही के लिए नियमित फोन करता था। उगाही न देने वालों पर गोलियां चलवाता था। साल, 2018 में उसके शूटरों ने कल्याण–भिवंडी हाईवे पर के. एन. पार्क होटल को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाई थीं। एक गोली रिसेप्शन पर बैठे एक कर्मचारी को लगी भी थी।

उसके बाद सुरेश पुजारी ने इस होटल के मालिक को फिर फोन किया था और 25 लाख रुपये का हफ्ता मांगा था। उस केस में मुंबई क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अजय सावंत और सचिन कदम ने सुरेश पुजारी गैंग के करीब आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद भी इस डॉन के कई लोग अलग-अलग केसों में पकड़े गए और उनके जरिए विदेश में वह कहां है, उसे ट्रैक किए जाने की कोशिशें चलती रहीं।

सुरेश पुजारी का बॉस अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी भी भारत डिपोर्ट किया जा चुका है और अलग अलग मामलों में जेल की हवा खा रहा है। रवि पुजारी पर मुम्बई, कर्नाटक, गुजरात, राजस्थान, यूपी, दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में मामले दर्ज हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।