पालघर: जिले में 38 वर्षीय एक विवाहित महिला ने अपने ही भांजे को अगवा कर लिया। मिली जानकारी के मुताबिक वह अपने प्रेमी के साथ नया जीवन शुरू करना चाहती थी। वह अपने भांजे को अगवा कर यह दिखाने की कोशिश कर रही थी कि वह बच्चा महिला और उसके प्रेमी का है। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, महिला बच्चे को बिहार के नालंदा ले गई थी। फिलहाल पुलिस ने बच्चे को बचा लिया है और महिला को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
घुमाने के बहाने बच्चे को लेकर निकली महिला
मांडवी पुलिस थाना के निरीक्षक संजय हजारे ने बताया कि महिला 18 फरवरी की दोपहर को पालघर के वसई इलाके के मांडवी से अपनी भाभी के बेटे को घुमाने के बहाने ले गई और फरार हो गई। परिजनों को बच्चा नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) (अपहरण) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद मांडवी पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं की मदद से महिला की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि वह बिहार के नालंदा में है।
बिहार पहुंची महाराष्ट्र पुलिस की टीम
इसके बाद पुलिस की टीम नालंदा पहुंची और वहां की संभागीय खुफिया इकाई (डीआईयू) की मदद ली। मांडवी पुलिस ने नालंदा डीआईयू और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर बिहार-झारखंड सीमा के पास छापेमारी की। यहां मीरनगर स्थित सूर्यचक गांव में कुछ घरों पर छापेमारी के दौरान महिला को बच्चे के साथ एक घर में पाया। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को बचाकर उसके परिवार को सौंप दिया गया। इसके अलावा महिला को रविवार को मांडवी लाया गया। महिला ने बताया कि वह शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं, लेकिन वह बिहार में अपने प्रेमी के साथ नया जीवन शुरू करना चाहती थी।
बॉयफ्रेंड से शादी करना चाहती थी तीन बच्चों की मां
पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने प्रेमी को यह नहीं बताया था कि वह पहले से विवाहित है और उसके बच्चे हैं। उसने खुद को अविवाहित और गर्भवती होने का दिखावा किया और अपनी भाभी के बेटे को अगवा कर प्रेमी को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की कि बच्चा उनका है। महिला ने वीडियो कॉल पर भी अपने प्रेमी को बच्चे को दिखाया ताकि उसे अपने झूठे दावे पर यकीन दिला सके। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की योजना प्रेमी के साथ घर बसाने की थी। बच्चे को वह अपने नए जीवन की शुरुआत के प्रमाण के रूप में पेश करना चाहती थी। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
इंस्टा पर रील बनाने वाला शख्स निकला झपटमार, पुलिस ने इनफ्लुएंसर को किया गिरफ्तार; CCTV से हुई पहचान
रेलवे ट्रैक पर फंसी एंबुलेंस और तभी आ गई ट्रेन, 100 मीटर तक घसीटा; मरीज भी थे मौजूद