1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. मां बनने के लिए तांत्रिक ने बताया 'उपाय', महिला ने 3 साल के बच्चे का कर डाला कत्ल

मां बनने के लिए तांत्रिक ने बताया 'उपाय', महिला ने 3 साल के बच्चे का कर डाला कत्ल

 Reported By: Abhay Parashar @abhayparashar
 Published : Mar 21, 2021 09:05 pm IST,  Updated : Mar 21, 2021 09:06 pm IST

महिला को मां बनने के लिए एक तांत्रिक ने उपाय के तौर पर बताया था कि अगर वह एक बच्चे की बलि देगी तभी मां बन पाएगी। तांत्रिक की बातों में आकर महिला ने अपने पड़ोस के एक बच्चे का कत्ल कर दिया।

मां बनने के लिए तांत्रिक ने बताया 'उपाय', महिला ने 3 साल के बच्चे का किया कत्ल- India TV Hindi
मां बनने के लिए तांत्रिक ने बताया 'उपाय', महिला ने 3 साल के बच्चे का किया कत्ल

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी में एक महिला ने तांत्रिक के कहने पर एक साढ़े तीन साल के बच्चे की हत्या कर दी। महिला ने बच्चे की हत्या कर उसकी लाश को एक बैग में भर दिया था। महिला को मां बनने के लिए एक तांत्रिक ने उपाय के तौर पर बताया था कि अगर वह एक बच्चे की बलि देगी तभी मां बन पाएगी। तांत्रिक की बातों में आकर महिला ने अपने पड़ोस के एक बच्चे का कत्ल कर दिया।

दरअसल, रोहिणी जिले के बुधविहार थाने में 20 मार्च को एक जानकारी मिली कि साढ़े तीन साल का बच्चा घर के पास से लापता हो गया है। जानकारी के बाद पुलिस ने बच्चे को ढूंढने के लिए घर के पास सर्च ऑपरेशन चलाया। उसी दौरान पड़ोस की छत पर पुलिस को एक सफेद रंग का संदिग्ध बैग मिला। शक होने पर पुलिस ने बैग को खोला तो उसमें बच्चे की लाश बरामद हुई।

बच्चे के गले पर निशान थे। शुरुआती जांच में लगा कि बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि बच्चे को आखिरी बार पड़ोस की महिला नीलम के साथ देखा गया था। महिला से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने कबूल किया कि यह हत्या उसने ही की है।

महिला ने बताया कि उसकी शादी 2013 में हुई थी और वह मां नहीं बन पा रही थी। जिसके कारण उसे आए दिन ताने सुनने को मिलते थे। इसीलिए, वह उसके गांव हरदोई में एक तांत्रिक से मिली थी। तभी तांत्रिक ने महिला को बोला कि वह मां तब ही बन पाएगी जब वह एक बच्चे की बलि देगी। बता दें कि आरोपी महिला का नाम नीलम है।

तांत्रिक के कहने पर ही नीलम ने बच्चे की बलि देने की ठान ली। उसने 20 मार्च को पड़ोस में रहने वाले साढ़े तीन साल के बच्चे को छत पर अकेला खेलता देखा और हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया। इसके बाद उसने बच्चे की बॉडी को एक बैग में भरकर छिपा दिया। फिलहाल, पुलिस ने महिला को तो गिरफ्तार कर लिया है। अभी तांत्रिक की तलाश जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।