1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पहलवान सुशील कुमार दिल्ली के मुंडका इलाके से गिरफ्तार, सहयोगी अजय भी पकड़ा गया

पहलवान सुशील कुमार दिल्ली के मुंडका इलाके से गिरफ्तार, सहयोगी अजय भी पकड़ा गया

 Written By: Kumar Sonu @Sonu_indiatv
 Published : May 23, 2021 09:46 am IST,  Updated : May 23, 2021 11:28 am IST

दिल्ली पुलिस ने पहलवान सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा की गई।

Wrestler Sushil Kumar Arrested informs Delhi Police पुलिस के हत्थे चढ़ा सुशील कुमार, दिल्ली पुलिस की- India TV Hindi
पुलिस के हत्थे चढ़ा सुशील कुमार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार Image Source : SPECIAL ARRANGEMENTS

नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने पहलवान सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा की गई। सुशील कुमार की गिरफ्तारी की जानकारी खुद दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के सीपी नीरज ठाकुर द्वारा दी गई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि सुशील कुमार और अजय को दिल्ली के मुंडका इलाके से गिरफ्तार किया गया है।

सुशील कुमार को आज ही कोर्ट में पेश किया जाएगा और उसे रिमंड पर लेने की कोशिश की जाएगी। दिल्ली पुलिस द्वारा सुशील कुमार पर 1 लाख रुपये औऱ अजय पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

सुशील कुमार और कुछ अन्य पहलवानों द्वारा चार मई की रात को राष्ट्रीय राजधानी के छत्रसाल स्टेडियम परिसर में कथित रूप से की गयी मारपीट में सागर राणा की मौत हो गयी थी, वहीं सागर के दोस्त सोनू तथा अमित कुमार घायल हो गये थे। दिल्ली की एक अदालत ने सुशील को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था। अदालत ने कहा था कि कुश्ती खिलाड़ी सुशील प्रथमदृष्टया मुख्य षड्यंत्रकर्ता हैं और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गंभीर हैं।

सुशील और छह अन्य के खिलाफ इस मामले में गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। इससे पहले पहलवान सुशील के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 302 (हत्या), 308 (गैर इरादतन हत्या), 365 (अपहरण), 325 (गंभीर चोट पहुंचाना), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 341 (गलत तरीके से रोकना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। भारतीय दंड संहिता की धाराओं 188 (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा), 269 (लापरवाही के कारण बीमारी का संक्रमण फैलने की संभावना), 120-बी (आपराधिक साजिश) और 34 (साझा इरादा) तथा शस्त्र कानून की विभिन्न धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।