1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के गाजीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा; अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत

दिल्ली के गाजीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा; अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत

 Published : Aug 26, 2026 10:00 pm IST,  Updated : Aug 26, 2026 10:00 pm IST

दिल्ली के गाजीपुर इलाके में NH-9 पर खिचड़ीपुर फ्लाईओवर के पास से एक दर्दनाक सड़क हादसे की घटना सामने आई है। यहां एक अज्ञात वाहन ने पीछे से एक 24 वर्षीय युवक की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

दिल्ली के गाजीपुर में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत- India TV Hindi
दिल्ली के गाजीपुर में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत (प्रतीत्कात्मक तस्वीर) Image Source : PIXABAY

दिल्ली के गाजीपुर इलाके से एक बेहद ही दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने एक 24 वर्षीय युवक की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नितिन के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, मृतक युवक गाजियाबाद से दिल्ली अपने घर लौट रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी दी। यह दर्दनाक हादसा NH-9 पर खिचड़ीपुर फ्लाईओवर के पास मंगलवार रात करीब 11:45 बजे हुआ।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

आधी रात के आसपास हादसे के बारे में पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को सूचना मिली। सूचना मिलते ही गाजीपुर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।  पुलिस को मौके पर नितिन गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तुरंत एम्बुलेंस के जरिए लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।नितिन प्राइवेट सेक्टर में काम करता था और वह गाजियाबाद से घर लौट रहा था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।  आरोपी चालक की तलाश और वाहन की पहचान करने के लिए दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

NH-9 पर दोपहिया वाहनों का प्रवेश है प्रतिबंधित

पुलिस ने बताया कि NH-9 के इस हिस्से पर दोपहिया वाहनों (मोटरसाइकिल/स्कूटी) की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इस प्रतिबंधित मार्ग पर प्रवेश करने वाले राइडर्स पर 20,000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके बावजूद, कई बार दोपहिया वाहन चालक इस रास्ते पर आ जाते हैं, जिससे इस तरह के गंभीर और जानलेवा हादसे होते हैं।

दिल्ली के नरेला में तेज रफ्तार मर्सिडीज ने कई वाहनों को मारी टक्कर, 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत

दिल्ली के नरेला इलाके में शनिवार को मामुरपुर स्थित हिमालय अपार्टमेंट के सामने एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना की चपेट में आने से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की भी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनियंत्रित होकर वैगनआर कार पीछे की ओर उछल गई। वैगनआर पास में खड़ी एक तिपहिया लोड़िंग वैन से जा कर टकराई। वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के दौरान उर्मिला भी चपेट में आ गईं। वाहनों के बीच बुरी तरह से फंसी उर्मिला ने निकलने का प्रयास किया लेकिन वो खुद को बचा नहीं पाईं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें

दिल्ली कैंट में सड़क हादसा, डंप ट्रक और DTC बस की जोरदार टक्कर, बस ड्राइवर समेत 4 घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।