1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. AAP के चीफ व्हिप दिलीप पांडे को नहीं मिलेगा टिकट? X पर पोस्ट में किया बड़ा इशारा

AAP के चीफ व्हिप दिलीप पांडे को नहीं मिलेगा टिकट? X पर पोस्ट में किया बड़ा इशारा

 Published : Dec 06, 2024 04:16 pm IST,  Updated : Dec 06, 2024 04:16 pm IST

दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी के चीफ व्हिप दिलीप पांडे ने इशारों-इशारों में संकेत दिया है कि इस बार शायद उन्हें तिमारपुर विधानसभा सीट से पार्टी का टिकट न मिले।

Dilip Pandey, Delhi Assembly Elections, Delhi Assembly Elections 2025- India TV Hindi
AAP नेता दिलीप पांडे। Image Source : PTI

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता और दिल्ली विधानसभा में पार्टी के चीफ व्हिप दिलीप पांडे ने शुक्रवार को इशारों-इशारों में एक बड़ी बात कह दी है। दिलीप पांडे ने X पर एक पोस्ट में कहा कि अगले कुछ महीने में दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें तिमारपुर सीट से टिकट शायद नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब उनके लिए कुछ और करने का वक्त आ गया है। बता दें कि दिल्ली में फरवरी 2025 में दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव होने हैं।

गोयल ने ले लिया था संन्यास

तिमारपुर से विधायक दिलीप पांडे ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा कि इस विधानसभा सीट से कोई भी चुनाव लड़े, सिर्फ अरविंद केजरीवाल ही दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे और इसे लोग सुनिश्चित करेंगे। ध्यान देने वाली बात है कि हाल ही में शाहदरा से AAP विधायक और दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने सीएम केजरीवाल को एक पत्र लिखकर अपनी बढ़ती हुई उम्र का हवाला देते हुए चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की बात कही थी।

‘कुछ और करने का वक्त है’

पांडे ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा,‘राजनीति में पहले संगठन निर्माण और फिर चुनाव लड़ने के दायित्व का निर्वहन करने के बाद, अब समय है कि आम आदमी पार्टी में ही रह कर कुछ और करने का। तिमारपुर विधानसभा में चुनाव जो भी लड़े, दिल्ली के मुख्यमंत्री तो अरविंद केजरीवाल जी ही बनेंगे, और हम सभी दिल्ली वाले मिल कर यह सुनिश्चित भी करेंगे।’ सिंगापुर में रहने वाले पूर्व सॉफ्टवेयर इंजीनियर पांडे भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में शामिल होने के लिए भारत वापस आए और बाद में अरविंद केजरीवाल द्वारा पार्टी बनाने के बाद वे AAP के प्रमुख नेताओं में से एक बन गये।

लोकसभा चुनाव में हुई थी हार

उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल इलाके से ताल्लुक रखने वाले पांडे ने 2019 में पार्टी के टिकट पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली की सीट से लोकसभा चुनाव भी लड़ा था, लेकिन वह बीजेपी के मनोज तिवारी से हार गए थे। पांडे ने कहा कि सियासत में होने का उनको एकमात्र संतोष यह है कि AAP सरकार ने बड़ी संख्या में आम आदमी और गरीब लोगों का जीवन आसान बना दिया है और कई बच्चों के लिए बेहतर जीवन की संभावनाओं का रास्ता साफ किया है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।