1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. बीजेपी ने केजरीवाल सरकार पर लगाया बिजली घोटाले का आरोप, पूछे कई सवाल

बीजेपी ने केजरीवाल सरकार पर लगाया बिजली घोटाले का आरोप, पूछे कई सवाल

 Published : Oct 04, 2022 10:43 pm IST,  Updated : Oct 04, 2022 10:43 pm IST

बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सब्सिडी का मकसद जनता को नहीं बल्कि अपने कुछ लोगों को लाभ पहुंचाना था।

Arvind Kejriwal, Bijli Ghotala, Delhi Bijli Ghotala, Bijli Ghotala Kejriwal- India TV Hindi
बीजेपी सांसद एवं प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी। Image Source : TWITTER.COM/SUDHANSHUTRIVED

Highlights

  • बीजेपी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
  • केजरीवाल सरकार पर बीजेपी ने बिजली घोटाले का आरोप लगाया है।
  • बीजेपी ने कहा है कि AAP सरकार ने अपने करीबियों को फायदा पहुंचाया।

BJP Attacks Arvind Kejriwal: शराब घोटाले के बाद बीजेपी ने केजरीवाल सरकार पर अब ‘बिजली घोटाले’ का आरोप लगाया है। बीजेपी राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वयंभू कट्टर ईमानदार छवि वाले अरविंद केजरीवाल के ऊपर आज बिजली गिरी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में विद्युत वितरण कंपनियों की प्रक्रिया में गंभीर भ्रष्टाचार के तथ्य सामने आए हैं। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर सीधे-सीधे अपने नेताओं को फायदा पहुंचाकर हजारों करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है।

‘गंभीर भ्रष्टाचार के तथ्य सामने आए हैं’

केजरीवाल सरकार पर बरसते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘डिस्कॉम-विद्युत कंपनियों के बोर्ड में सरकारी अधिकारी नामित होते थे लेकिन पहली बार आम आदमी पार्टी ने अपनी पार्टी के 2 पदाधिकारियों और अपने सांसद के एक बेटे को नामित किया। इसके पीछे AAP सरकार का क्या उद्देश्य था? दिल्ली में विद्युत वितरण कंपनियों की प्रक्रिया में सामने आए गंभीर भ्रष्टाचार के तथ्यों में 4 से 5 तथ्य तो ऐसे हैं जिसे जानने के बाद कोई भी व्यक्ति कह सकता है कि इसमें व्यापक भ्रष्टाचार हुआ है।’


बीजेपी ने AAP सरकार से पूछे कई सवाल
त्रिवेदी ने आगे पूछा, ‘विद्युत वितरण प्राइवेट कंपनियों पर विद्युत उत्पादन कंपनियों की 3200 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी को केजरीवाल सरकार ने शुरुआती बैठकों में ही क्यों माफ कर दिया? दिल्ली के लोगों को बिजली में जो छूट देने की बात कही गई, वह ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ क्यों नहीं दी गई? दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार की तरह डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के द्वारा यह फायदा जनता को सीधे क्यों नहीं दिया? इस प्रक्रिया में बिचौलियों को क्यों लाया गया?’

‘बीजेपी सब्सिडी देने के खिलाफ नहीं, लेकिन...’
बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सब्सिडी का मकसद जनता को नहीं बल्कि अपने कुछ लोगों को लाभ पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि बीजेपी दिल्ली की जनता को बिजली सब्सिडी देने के खिलाफ नहीं है, बल्कि वह सिर्फ इतना चाहती है कि इस सब्सिडी को पारदर्शी तरीके से DBT के माध्यम से सीधे दिल्ली की जनता को दिया जाए। वहीं, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने AAP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार जो भी काम करती है उसमें उनका मकसद सिर्फ भ्रष्टाचार करना ही होता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।