1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. ‘शहंशाह घबरा गए हैं’, जिग्नेश मेवानी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का आरोप

‘शहंशाह घबरा गए हैं’, जिग्नेश मेवानी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का आरोप

 Published : Apr 21, 2022 03:28 pm IST,  Updated : Apr 21, 2022 03:28 pm IST

असम पुलिस ने एक ट्वीट के सिलसिले में गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी को राज्य के पालनपुर शहर से बुधवार देर रात गिरफ्तार किया। मेवानी को बृहस्पतिवार तड़के हवाई मार्ग से असम ले जाया गया।

Jignesh Mevani- India TV Hindi
Jignesh Mevani Image Source : PTI (FILE PHOTO)

नई दिल्ली: कांग्रेस ने गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी की असम पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी को ‘अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक’ करार देते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि इस घटनाक्रम से स्पष्ट होता है कि ‘शहंशाह’ घबरा गए हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘(नरेंद्र) मोदी जी, आप विरोध के स्वर को सरकारी मशीनरी का उपयोग कर कुचलने का प्रयास कर सकते हैं। लेकिन सच को कभी कैद नहीं कर सकते हैं।’’

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शहंशाह घबरा गए हैं। गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी जी को असम की पुलिस रातों-रात गिरफ्तार कर ले जाती है। इस घबराहट का, इस छटपटाहट का संदेश भी है और चिह्न भी है।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या इस देश में अब साम्प्रदायिक सौहार्द की अपील करना और प्रधानमंत्री से धर्म के नाम पर लोगों को न लड़वाने की अपील करना अपराध है? क्या प्रधानमंत्री से यह उम्मीद करना अपराध है कि वह गुजरात आएंगे और महात्मा गांधी की धरती पर शांति की अपील करेंगे?’’

सुरजेवाला ने कहा, ‘‘साम्प्रदायिक सौहार्द्र, भाईचारे के लिए हमारी जंग जारी रहेगी। न मोदी जी इसे हरा सकते हैं, न देश की और कोई ताकत।’’ उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी मेवानी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘‘असम पुलिस ने जिस अलोकतांत्रिक तरीके से गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी को गिरफ्तार किया है, वह संविधान विरोधी कदम है और उस जनता का अपमान है, जिसने उन्हें चुना है। कांग्रेस कार्यकर्ता हर दमन के खिलाफ आवाज़ बुलंद करेगा।’’

उल्लेखनीय है कि असम पुलिस ने एक ट्वीट के सिलसिले में गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी को राज्य के पालनपुर शहर से बुधवार देर रात गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेवानी को बृहस्पतिवार तड़के हवाई मार्ग से असम ले जाया गया। मेवानी के सहयोगी सुरेश जाट ने बताया कि गुजरात के प्रमुख दलित नेता मेवानी को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा-153ए के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के तुरंत बाद गिरफ्तार किया गया। यह प्राथमिकी असम के कोकराझार थाने में दर्ज कराई गई थी।

(इनपुट- भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।