1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. कोरोना वायरस टीके के अगले सप्ताह दिल्ली पहुंचने की उम्मीद, टीकाकरण की तैयारियां जारी

कोरोना वायरस टीके के अगले सप्ताह दिल्ली पहुंचने की उम्मीद, टीकाकरण की तैयारियां जारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 06, 2021 11:11 pm IST,  Updated : Jan 06, 2021 11:11 pm IST

कोविड-19 रोधी टीके के अगले सप्ताह दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है और टीकाकरण की तैयारियां जारी हैं। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सरकार राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में एक विशाल भंडारण प्रतिष्ठान बना रही है और पुलिस प्रशासन को संबंधित चीजों के बारे में सूचना दे दी गई है।

कोरोना वायरस टीके के अगले सप्ताह दिल्ली पहुंचने की उम्मीद, टीकाकरण की तैयारियां जारी- India TV Hindi
कोरोना वायरस टीके के अगले सप्ताह दिल्ली पहुंचने की उम्मीद, टीकाकरण की तैयारियां जारी Image Source : AP

नई दिल्ली: कोरोना वायरस रोधी टीके के अगले सप्ताह दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है और टीकाकरण की तैयारियां जारी हैं। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सरकार राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में एक विशाल भंडारण प्रतिष्ठान बना रही है और पुलिस प्रशासन को संबंधित चीजों के बारे में सूचना दे दी गई है। घटनाक्रम की जानकारी रखनेवाले एक सूत्र ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि टीका अगले हफ्ते तक, संभवत: मंगलवार तक पहुंच जाएगा। हमारे यहां भंडारण में इसे दो से आठ डिग्री सेल्सियस तक के तापमान पर रखा जा सकता है, इसलिए मंजूरी प्राप्त दोनों में से किसी भी टीके को रखा जा सकता है।’’ 

उल्लेखनीय है कि महामारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से भारत के औषधि नियामक ने सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित एवं ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा विकसित कोविड-19 के टीके ‘कोविडशील्ड’ तथा भारत बायोटेक द्वारा विकसित ‘कोवैक्सीन’ के सीमित आपात इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है।

देश में कोरोना वायरस टीकाकरण का दूसरा पूर्वाभ्यास आठ जनवरी को

उत्तर प्रदेश और हरियाणा को छोड़कर देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सभी जिलों में आठ जनवरी को कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि प्रत्येक जिला दो जनवरी को हुए पूर्वाभ्यास की तरह ही तीन तरह के सत्र स्थलों की पहचान करेगा जिनमें एक सार्वजनिक जनस्वास्थ्य प्रतिष्ठान  (जिला अस्पताल/मेडिकल कॉलेज), निजी स्वास्थ्य प्रतिष्ठान और ग्रामीण या नगरीय पहुंच स्थल शामिल होंगे। 

मंत्रालय ने कहा कि इस संबंध में सात जनवरी को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे तथा पूर्वाभ्यास पर उनका मार्गदर्शन करेंगे। इस संबंध में एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश और हरियाणा को छोड़कर टीके का पूर्वाभ्यास आठ जनवरी को भारत के सभी जिलों में होगा। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में पांच जनवरी को पहले ही टीकाकरण का पूर्वाभ्यास हो चुका है जबकि हरियाणा कल (बृहस्पतिवार) अपने सभी जिलों में इस काम को करने जा रहा है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।