Sunday, February 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: रोहिणी सेक्टर 17 में एक बदमाश की गोली मारकर हत्या, मचा हड़कंप, टिल्लू ताजपुरिया गैंग के शूटरों पर शक

दिल्ली: रोहिणी सेक्टर 17 में एक बदमाश की गोली मारकर हत्या, मचा हड़कंप, टिल्लू ताजपुरिया गैंग के शूटरों पर शक

Reported By : Sanjay Sah Edited By : Rituraj Tripathi Published : Feb 14, 2026 09:26 pm IST, Updated : Feb 14, 2026 10:58 pm IST

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 17 में एक बदमाश की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आशंका है कि इस हत्याकांड को टिल्लू ताजपुरिया गैंग के शूटरों ने अंजाम दिया है।

Delhi- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT रोहिणी सेक्टर 17 में एक बदमाश की गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 17 में एक बदमाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। शाम 7 बजे के आसपास वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस की टीम मामले की तफ्तीश में जुट गई है। मृतक बदमाश का नाम साहिल है, जिस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

किस गैंग से जुड़ा था मृतक; किस गैंग पर शक?  

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक साहिल गोगी गैंग से जुड़ा हुआ था और आशंका है कि टिल्लू ताजपुरिया गैंग के शूटरों ने हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस घटनास्थल पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।

शनिवार शाम करीब 7 बजे साहिल अपने घर लौट रहा था, तभी घर से कुछ दूरी पर ही दो बदमाशों ने गोली चलानी शुरू कर दी। मौके पर 8 राउंड गोलियां चलाईं। साहिल को 3 गोली लगीं, गोली लगने के बाद साहिल नीचे गिर गया और थोड़ी देर में ही मौके पर ही साहिल की मौत हो गई । 26 वर्षीय  साहिल  सेक्टर 17 रोहिणी का रहने वाला था। साहिल पैदल ही अपने घर जा रहा था तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने साहिल को घेरकर गोली चलानी शुरू कर दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, साहिल गोगी गैंग से तालुक रखता था, उसके ऊपर कई मुकदमे दर्ज थे और अभी हालही में जेल से छूटकर आया था। घटना को अंजाम देने में टिल्लू गैंग का हाथ बताया जा रहा है। गोली मारने वाले दोनों हमलवारों की पहचान कर ली गई है। पुलिस घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बारे में जानिए

टिल्लू ताजपुरिया गैंग दिल्ली-एनसीआर में एक चर्चित गैंग है, जो आसपास के इलाकों में आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात है। गैंग का नाम इसके मुखिया टिल्लू ताजपुरिया के नाम पर पड़ा, जिसकी मौत हो चुकी है। इस गैंग का मुख्य काम

जबरन वसूली, हत्या और गोलीबारी, जमीन हड़पना, अपहरण, अवैध हथियारों का इस्तेमाल और ड्रग्स-अन्य अपराध है।

2021 में रोहिणी कोर्ट परिसर में जितेंद्र गोगी की हत्या में टिल्लू ताजपुरिया का नाम मुख्य आरोपी के रूप में आया था। इसके बाद 2 मई 2023 को तिहाड़ जेल में ही टिल्लू ताजपुरिया की क्रूर हत्या कर दी गई। गोगी गैंग के सदस्यों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। टिल्लू की मौत के बाद उसके साथी, उसके नाम से गैंग को जिंदा रखे हुए हैं।

टिल्लू और गोगी गैंग में 2010 से गैंगवार चल रही है। अब तक इन दोनों गैंग में हुई गैंगवारों में 50 से ज्यादा हत्याएं हो चुकी हैं।

इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप है और दिल्ली पुलिस से लोगों का सवाल है कि इस तरह की गैंगवार कब बंद होंगी। इलाके में दहशत है और लोग दबी जुबान से दिल्ली पुलिस से यही उम्मीद कर रहे हैं कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए दिल्ली पुलिस को सख्त रवैया अपनाना चाहिए।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement