1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों के बैग से चोरी करना पड़ा महंगा, पुलिस ने 7 लोगों को दबोचा

दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों के बैग से चोरी करना पड़ा महंगा, पुलिस ने 7 लोगों को दबोचा

 Published : Oct 07, 2023 11:46 pm IST,  Updated : Oct 07, 2023 11:46 pm IST

दिल्ली पुलिस ने 7 ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों के बैग से चोरी करने के मामले में आरोपी थे। दिल्ली पुलिस का ये भी कहना है कि इस मामले में कुछ अधिकारी भी मिले हुए हैं।

Delhi Police- India TV Hindi
दिल्ली पुलिस Image Source : FILE

नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर यात्रियों के बैग से कीमती सामान चोरी करने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान मनोज कुमार, हरि दर्शन, बलविंदर, प्रवीण कुमार, संजीव कुमार, सुबोध और सतीश कुमार वर्मा के रूप में हुई है।

आरोपियों के पास से कीमती घड़ियां समेत कई अन्य सामान बरामद हुए। उसने बताया कि आरोपियों के पास से सोने के आभूषण, पांच देशों की मुद्रा, दो एप्पल एयरपॉड, राडो और डी ग्रिसोगोनो कंपनी की कीमती घड़ियां आदि बरामद की गई हैं। 

पुलिस ने बताया कि यह मामला पंजाब की रहने वाली परमजीत कौर द्वारा आईजीआई हवाईअड्डा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाने के बाद सामने आया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कौर के हवाले से बताया कि वह 16 सितंबर को मेलबर्न से दिल्ली पहुंची थीं और उन्हें अमृतसर के लिए 'कनेक्टिंग फ्लाइट' लेनी थी। 

इस तरह खुली पोल

अमृतसर की उड़ान में चढ़ने से पहले जब परमजीत कौर के सामान का वजन ज्यादा पाया गया तब उन्होंने अपना बैग खोला और सामान ठीक किया। पुलिस उपायुक्त (आईजीआई एयरपोर्ट) देवेश कुमार महला ने कहा, जब वह घर पहुंची, तो उसने पाया कि उसके बैग से सोने का सामान गायब है। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और उस शिफ्ट में काम करने वाले लोडरों से पूछताछ की। 

अधिकारी ने कहा, हरि दर्शन द्वारा भेजा गया एक वीडियो मनोज कुमार के मोबाइल फोन में पाया गया जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि यह आभूषण नकली है, इसके लिए किसी को कुछ नहीं मिलेगा। अधिकारी ने बताया कि इस घटनाक्रम के बाद, मनोज कुमार और हरि दर्शन ने सोने के आभूषण को चोरी करने और उसे जौहरी को बेचने की बात कबूल कर ली। 

उन्होंने अन्य यात्रियों के बैग से कई सामान चोरी करने की भी बात स्वीकार की। आरोपियों ने दावा किया कि विभिन्न एयरलाइनों के कर्मचारियों ने सामान चोरी करने में उनकी मदद की। बाद में, पुलिस ने इस सिलसिले में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा, पुलिस ने पाया है कि एयरलाइंस नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो द्वारा जारी आवधिक दिशानिर्देशों और दिल्ली पुलिस के पत्रों का पालन नहीं कर रही हैं। 

पुलिस के मुताबिक, जांच से पता चला कि संबंधित एयरलाइन के कुछ उच्च अधिकारियों की आरोपियों से मिलीभगत थी और उनकी भूमिका भी जांच के दायरे में है। उसने कहा कि एयरलाइन के अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें: 

दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी सफलता, अर्श डल्ला-सुक्खा दुनेके गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार 

इजरायल को बुरे समय में मिला अमेरिका का साथ! आतंकी हमले के बाद राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कह दी ये बड़ी बात

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।