1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'हमारी गारंटी पर बीजेपी दिल्ली का चुनाव लड़ रही है, उनके पास कोई विजन नहीं', संकल्प पत्र पर केजरीवाल ने कसा तंज

'हमारी गारंटी पर बीजेपी दिल्ली का चुनाव लड़ रही है, उनके पास कोई विजन नहीं', संकल्प पत्र पर केजरीवाल ने कसा तंज

 Published : Jan 17, 2025 04:09 pm IST,  Updated : Jan 17, 2025 04:53 pm IST

Delhi Assembly Election 2025: आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी के संकल्प पत्र को आम आदमी पार्टी के कामों की नकल बताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास कोई विजन नहीं है।

Arvind Kejriwal- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल Image Source : PTI

नई दिल्ली:  दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटिंग की तारीख जैसे जैसे नजदीक आ रही है, सियासी माहौल भी गरमाता जा रहा है। बीजेपी ने आज पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया और कई वादे किए। वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बीजेपी के संकल्प पत्र को आम आदमी पार्टी के किए गए काम और वादों की नकल बताया।

भगवान का प्रसाद है फ्री वाली रेवड़ी 

अरविंद केजरीवाल ने कहा-' बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज बीजेपी का संकल्प पत्र जारी किया। उन्होंने ऐलान किया कि वे भी 'फ्री वाली रेवड़ी' देंगे। अगर ऐसा ही है तो फिर हमारी योजनाओं को फ्री वाली रेवड़ी कहकर देश भर में उसकी आलोचना क्यों करते थे? क्यों कहते थे कि केजरीवाल गलत है? मोदी जी और बीजेपी कहे कि फ्री वाली रेवड़ी से कोई खजाने को कोई नुकसान नहीं है, फ्री वाली रेवड़ी भगवान का प्रसाद है।'

बता दें कि बीजेपी ने अपना संकल्प पत्र जारी करते हुए यह ऐलान किया कि अगर वह दिल्ली की सत्ता में आती है तो मौजूदा सरकार की ओर से चलाई जा रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को तो जारी रखेगी ही, साथ ही महिलाओं को 2,500 रुपये की सम्मान राशि भी देगी। पार्टी ने विधानसभा चुनाव जीतने पर 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 2,500 रुपये पेंशन की भी घोषणा की।

बीजेपी ने संकल्प पत्र-1 जारी किया

 राजधानी दिल्ली के पंडित पंत मार्ग स्थित प्रदेश बीजेपी दफ्तर में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए  संकल्प पत्र-1 जारी करते हुए पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने यह भी कहा कि सत्ता में आने पर मंत्रिमंडल की पहली बैठक में महिला समृद्धि योजना (2500 रुपये प्रति महीने) और आयुष्मान भारत योजना लागू करने को मंजूरी देगी। जेपी नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत दिल्ली के लोगों को राज्य सरकार की तरफ से पांच लाख रुपये का अतिरिक्त स्वास्थ्य कवर भी दिया जाएगा। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये प्रतिवर्ष का स्‍वास्‍थ्‍य बीमा कवर दिया जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘यानी कुल 10 लाख रुपये का हेल्थ कवर दिल्लीवासियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलेगा।’’ 

मोहल्ला क्लीनिक को ‘भ्रष्टाचार का अड्डा’-नड्डा

उन्होंने आप सरकार के मोहल्ला क्लीनिक को ‘भ्रष्टाचार का अड्डा’ और लोगों की आंखों में ‘धूल झोंकने’ वाला कार्यक्रम करार दिया और कहा कि इसमें भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने दावा किया, ‘‘इनके मोहल्ला क्लीनिक में फर्जी लैब टेस्ट हुए हैं और 300 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। हमारी सरकार आने पर इन सबकी पूरी तरह से जांच की जाएगी।’’ नड्डा ने कहा, "दिल्ली में जो जन कल्याण की योजनाएं चल रही हैं, वह सारी योजनाएं भाजपा की सरकार बनने पर भी जारी रहेंगी। उन सभी योजनाओं का ज्यादा कारगर तरीके से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा और उन्हें भ्रष्टाचार से मुक्त और लोक कल्याण युक्त किया जाएगा।" 

अटल कैंटीन योजना का वादा

आप सरकार वर्तमान में बिजली और पानी पर सब्सिडी देती है और साथ ही उसने महिलाओं के लिए डीटीसी बसों में यात्रा मुफ्त कर रखी है। हाल ही में उसने सत्ता में वापस लौटने पर महिला सम्मान योजना के तहत हर महिला को प्रतिमाह 2,100 रुपये देने की घोषणा की। भाजपा ने सत्ता में आने पर राजधानी की झुग्गी झोपड़ियों में अटल कैंटीन योजना आरंभ करने का भी वादा किया और कहा कि इसके तहत सिर्फ पांच रुपये में गरीब लोगों के लिए भरपेट भेजन की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि साल 2015 में आप ने 100 जगहों पर ‘आम आदमी कैंटीन चलाने का निर्णय लिया था, जिसके लिए आज तक दिल्ली के गरीब लोग इंतजार कर रहे हैं। भाजपा ने वरिष्ठ नागरिकों के के लिए उनकी सीनियर सिटीजन पेंशन को 2,000 से बढ़ाकर 2,500 करने और 70 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं, बेसहारा महिलाओं की पेंशन 2,500 से बढ़ाकर 3,000 रुपये किए जाने का भी वादा किया। 

गरीब लोगों को सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी 

नड्डा ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर राजधानी के गरीब लोगों को सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी और होली एवं दीवाली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मातृ सुरक्षा वंदना को और ताकत देने के लिए 6 पोषण किट दी जाएगी और हर गर्भवती महिला को 21,000 रुपये दिए जाएंगे। नड्डा ने कहा कि बीजेपी ने आज अपने संकल्प पत्र का पहला भाग जारी किया है और दूसरा तथा तीसरा भाग भी जल्द ही जारी किया जाएगा। (इनपुट-भाषा)

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।