1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली चुनावः 2020 में छतरपुर में मामूली अंतर से हार गई थी बीजेपी, क्या इस बार आप को लगेगा झटका!

दिल्ली चुनावः 2020 में छतरपुर में मामूली अंतर से हार गई थी बीजेपी, क्या इस बार आप को लगेगा झटका!

 Published : Jan 08, 2025 08:11 pm IST,  Updated : Jan 08, 2025 08:22 pm IST

छतरपुर सीट पर बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का कब्जा रह चुका है। वर्तमान समय में यह सीट आप के पास है। पिछले चुनाव में बीजेपी यह सीट मामूली अंतर से हार गई थी।

छतरपुर विधानसभा चुनाव 2025- India TV Hindi
छतरपुर विधानसभा चुनाव 2025 Image Source : INDIA TV

नई दिल्लीः दिल्ली में विधानसभा का चुनाव एक ही चरण में पांच फरवरी को होगा। छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में भी इसी दिन मतदान होगा। यह सीट जीतने के लिए बीजेपी-कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने पूरा दमखम लगा दिया है। इसकी मुख्य वजह यह है कि बीजेपी और कांग्रेस पूर्व में यह सीट जीत चुकी है। जबकि मौजूदा समय में यह सीट आप के खाते में है। 

छतरपुर के बारे में जानें

छतरपुर दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। यह 2008 में निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आया। छतरपुर नौ अन्य विधानसभा क्षेत्रों के साथ दक्षिण दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है। बिजवासन, संगम विहार, अंबेडकर नगर, देवली, कालकाजी, तुगलकाबाद, पालम, बदरपुर और महरौली विधानसभा सीट दक्षिण दिल्ली लोकसभा के अंतर्गत आती है। यहां से लोकसभा चुनाव बीजेपी ने  2024 में जीता था। 

 2011 की जनगणना के अनुसार, छतरपुर की आबादी लगभग 99,519 थी, जिसमें पुरुष 53% और महिलाएं 47% आबादी थीं। छतरपुर में औसत साक्षरता दर 69% है, जिसमें पुरुष साक्षरता 75% और महिला साक्षरता 62% है।

छतरपुर का चुनावी इतिहास

साल 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार करतार सिंह तंवर ने तीन हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की थी। उन्होंने बीजेपी को 3,720 वोट से हराया था। आप को 69,411 वोट तो बीजेपी उम्मीदवार ब्रह्म सिंह तंवर को 65,691 वोट मिले थे। कांग्रेस उम्मीदवार सतीश लोहिया को मात्र 3,874 वोट ही मिले थे। सबसे बड़ी बात यह है कि इस बार आप ने अपने मौजूदा विधायक का टिकट काटकर बीजेपी से आए ब्रह्म सिंह तंवर को अपना उम्मीदवार बनाया है। तंवर पिछला चुनाव मामूली अंतर से हार गए थे। 

साल 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप के करतार सिंह तंवर ने ही जीत दर्ज की थी। तब उन्हें 67,644 वोट हासिल हुए थे। बीजेपी के ब्रह्म सिंह तंवर को 45,405 वोट मिले थे और कांग्रेस के बलराम सिंह तंवर को 9,339 वोट मिले थे।

2013 में बीजेपी को मिली थी जीत

साल 2013 के विधानसभा में छतरपुर से बीजेपी के ब्रह्म सिंह तंवर विधायक चुने गए थे। कांग्रेस के बलराम तंवर करीब 34 हजार वोट के साथ दूसरे नंबर पर थे। आप के ऋषि पाल को 22 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। साल 2008 में हुए चुनाव में यह सीट कांग्रेस ने जीती थी। कांग्रेस उम्मीदवार बलराम तंवर ने करीब पांच हजार वोटों से जीत दर्ज की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।