1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली चुनावः ग्रेटर कैलाश से चौथी बार जीतेंगे मंत्री सौरभ भारद्वाज? जानें क्या कहते हैं आंकड़े

दिल्ली चुनावः ग्रेटर कैलाश से चौथी बार जीतेंगे मंत्री सौरभ भारद्वाज? जानें क्या कहते हैं आंकड़े

 Published : Jan 24, 2025 09:42 pm IST,  Updated : Jan 27, 2025 11:48 pm IST

दिल्ली की ग्रेटर कैलाश सीट पर सौरभ भारद्वाज का मुकाबला इस बार भाजपा की शिखा रॉय और कांग्रेस के गर्वित सिंघवी से होगा। इस बार यहां मुकाबला बेहद कड़ा है। आइए जानते हैं ग्रेटर कैलाश सीट का पूरा समीकरण।

greater kailash elections- India TV Hindi
ग्रेटर कैलाश विधानसभा चुनाव 2025 Image Source : INDIA TV

दिल्ली विधानसभा चुनाव एक चरण में होगा। ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट पर भी 5फरवरी को मतदान होगा और नतेजी 8 फरवरी को आएंगे। ग्रेटर कैलाश सीट पर मुकाबला बेहद कड़ा होने जा रहा है। यहां आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। ग्रेटर कैलाश हाई प्रोफाइल विधानसभा सीट है। मंत्री सौरभ भारद्वाज की यह सीट है ऐसे में इस बार यहां पर मुकाबले में सभी की नजर रहेगी। आइए जानते हैं ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट का पूरा समीकरण और बीते चुनावों का इतिहास।

ग्रेटर कैलाश का समीकरण

ग्रेटर कैलाश विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र नई दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का एक हिस्सा है। यह जनरल कैटेगरी की विधानसभा सीट है और यह साल 2008 में अस्तित्व में आई। यह दिल्ली के सबसे पॉश इलाकों में से एक है। इस क्षेत्र में जातीय वोट बैंक की बजाय मुद्दों पर वोट दिया जाता है। यहां पंजाबी, बंगाली और वैश्य समुदाय बहुसंख्यक है। इस क्षेत्र में कई कंपनियों के शोरूम के अलावा बड़े-बड़े बिजनेस सेंटर, शॉपिंग मॉल्स और शैक्षिक संस्थान आते हैं। इसी क्षेत्र में पंचशील एंक्लेव, पंचशील विहार, पंचशील पार्क, खिड़की एक्सटेंशन और शेख सराय फेस-1 के अलावा ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 और पार्ट-2 समेत कई क्षेत्र शामिल हैं।

2020 के चुनाव के दौरान इस सीट पर कुल 180653 वोटर्स थे जिसमें से 60 फीसदी यानी 108548 वोटर्स ने वोट डाले थे।

किनके बीच है मुकाबला?

ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट पर 2015 और 2020 दोनों ही चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की थी। इस बार भी आम आदमी पार्टी ने अपने वर्तमान विधायक और कद्दावर नेता सौरभ भारद्वाज को ही टिकट दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने ग्रेटर कैलाश में एक बार फिर शिखा राय पर भरोसा जताया है। वहीं, कांग्रेस ने गर्वित सिंघवी को चुनाव मैदान में उतारा है।  

2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे

ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट पर साल 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सौरभ भारद्वाज ने जीत हासिल की थी। इस सीट पर 7 प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की थी, लेकिन मुख्य मुकाबला सौरभ भारद्वाज और बीजेपी की शिखा राय के बीच था। सौरभ भारद्वाज ने 16,809 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। सौरभ भारद्वाज के खाते में 60,372 वोट आए थे जबकि शिखा राय को 43,563 वोट मिले थे। कांग्रेस को महज 3339 वोट ही मिले थे और नोटा चौथे स्थान पर रहा था।  

2015 दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे

2015 के चुनाव में भी आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज ने जीत हासिल की थी। उन्होंने बीजेपी के राकेश कुमार गुलैया को हराया था। कांग्रेस ने इस चुनाव में ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट पर पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी को उतारा था, लेकिन वह महज 6,102 वोट ही हासिल कर सकीं। सौरभ भारद्वाज को 57,589 वोट मिले थे जबकि राकेश कुमार गुलैया के खाते 43,006 वोट आए थे।

ग्रेटर कैलाश सीट के पिछले विजेता-

2020- सौरभ भारद्वाज (आम आदमी पार्टी)

2015- सौरभ भारद्वाज (आम आदमी पार्टी)
2013- सौरभ भारद्वाज (आम आदमी पार्टी)
2008- विजय कुमार मल्होत्रा ​​(भाजपा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।