1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: मालवीय नगर में जीत का चौका लगाएंगे सोमनाथ भारती या सतीश उपाध्याय करेंगे कमाल, जानें समीकरण

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: मालवीय नगर में जीत का चौका लगाएंगे सोमनाथ भारती या सतीश उपाध्याय करेंगे कमाल, जानें समीकरण

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 09, 2025 07:30 pm IST,  Updated : Jan 09, 2025 07:30 pm IST

मालवीय नगर में सोमनाथ भारती लगातार तीन बार जीत हासिल कर चुके हैं। हालांकि, इस बार उनके लिए राह आसान नहीं होगी। बीजेपी के सतीश उपाध्याय और कांग्रेस के जितेंद्र कुमार कोचर उन्हें कड़ी टक्कर दे सकते हैं।

Malviya nagar assembly election 2025- India TV Hindi
मालवीय नगर विधानसभा चुनाव 2025 Image Source : INDIA TV

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में मालवीय नगर सीट के समीकरण काफी रोचक हैं। यहां पिछले तीन चुनाव से आम आदमी पार्टी का दबदबा रहा है, लेकिन इस बार बीजेपी, आप और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। आम आदमी पार्टी ने लगातार चौथी बार इस सीट पर सोमनाथ भारती को टिकट दिया है। वहीं, बीजेपी ने सतीश उपाध्याय और कांग्रेस ने जितेन्द्र कुमार कोचर को अपना उम्मीदवार बनाया है। सोमनाथ भारती यहां से लगातार तीन बार विधायक बन चुके हैं, लेकिन पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में उन्हें नई दिल्ली लोकसभा सीट से हार का सामना करना पड़ा था। मालवीय नगर विधानसभा सीट नई दिल्ली लोकसभा सीट के ही अंतर्गत आती है। इस वजह से इस बार यहां के समीकरण काफी रोचक हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तारीख का ऐलान चुनाव आयोग ने मंगलवार (7 जनवरी) को किया था। दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों पर पांच फरवरी को वोटिंग होगी और आठ फरवरी को नतीजों का ऐलान होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने इन तारीखों का ऐलान किया।

2020 विधानसभा चुनाव के नतीजे

2020 में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सोमनाथ भारती ने शानदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने बीजेपी के शैलेंद्र सिंह को 18144 वोट से हराया था। सोमनाथ भारती को 52043 वोट मिले थे। वहीं, शैलेंद्र सिंह को 33899 वोट मिले थे। कांग्रेस की नीतू वर्मा सोइन को सिर्फ 2856 वोट मिले थे। इस बार बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने अपने उम्मीदवार बदले हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ने लगातार चौथी बार सोमनाथ भारती को यहां से उम्मीदवार बनाया है।

2015 विधानसभा चुनाव के नतीजे

2015 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती ने भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार डॉ. नंदिनी शर्मा को 15897 वोट से हराया था। इससे पहले 2013 में भी सोमनाथ भारती ने इस सीट से जीत दर्ज की थी। बीजेपी 1993 के बाद से इस सीट पर जीत नहीं दर्ज कर पाई है। 1993 में राजेंद्र गुप्ता यहां से विधायक बने थे। इसके बाद लगातार तीन बार कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की और 2013 से इस सीट पर आम आदमी पार्टी का कब्जा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।