दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में 48 सीटें जीतकर भारतीय जनता पार्टी ने 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। 32 साल पहले दिल्ली में पहली बार विधानसभा चुनाव हुए थे और बीजेपी ने 49 सीटें जीती थीं। अब दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में सत्ता में आई है। बहुमत मिलने के बाद बीजेपी ने दिल्ली में मुख्यमंत्री के चेहरे की तलाश शुरू कर दी है। दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद हाईकमान सीएम के चेहरे पर फैसला कर सकता है।
नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा के विजयी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने दिल्ली में अपने घर के बाहर लोगों के बीच मिठाई बांटी। प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चार हजार से ज्यादा वोट के अंतर से हराया है।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, बाबरपुर विधानसभा सीट से विजयी उम्मीदवार गोपाल राय और आप के महासचिव संदीप पाठक सहित आप नेता दिल्ली के पूर्व सीएम और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंचे।
दिल्ली चुनाव के नतीजों पर भाजपा नेता सरवन सिंह चन्नी ने कहा, "इसका श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। लोगों ने एक ऐसे नेता को चुना है जो काम करके दिखाता है, जबकि आप पार्टी वादे के मुताबिक कुछ नहीं करती। आम आदमी पार्टी आत्ममुग्ध है और खुद को पीड़ित बताती है। अब उनके सभी नेता (जो दिल्ली चुनाव हार गए) पंजाब आएंगे। आने वाले दिनों में वे पंजाब में कुशासन फैलाएंगे क्योंकि उनके पास दिल्ली में करने के लिए कुछ नहीं बचा है। आखिरकार 2027 तक आप देखेंगे कि भाजपा पंजाब में सरकार बनाएगी।"
बिजवासन विधानसभा सीट से भाजपा के विजयी उम्मीदवार कैलाश गहलोत राज निवास पहुंचे। कैलाश गहलोत ने कहा, "मैं यहां सिर्फ उपराज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात के लिए आया हूं।"
दिल्ली की मुस्तफाबाद विधानसभा सीट से जीत हासिल करने वाले बीजेपी उम्मीदवार मोहन सिंह बिस्ट को होम मिनिस्टर अमित शाह ने मीटिंग के लिए बुलाया है। मोहन सिंह ने मुस्तफाबाद सीट से आम आदमी पार्टी के अदील अहमद खान को 17578 वोट से हराया है। मोहन सिंह ने कहा है कि वह मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिव विहार या शिवपुरी कर देंगे।
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा, "पिछला एक साल मेरी जिंदगी का सबसे मुश्किल साल रहा है। इस पूरे साल में सिर्फ और सिर्फ भगवान ने ही हमारी मदद की है। हमने ये लड़ाई अकेले लड़ी है और मेरा मानना है कि बुराई कितनी भी बड़ी क्यों न हो, कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में उसे सच्चाई के सामने झुकना ही पड़ता है। आज भगवान की कृपा से ही हम जिंदा हैं और सच्चाई के लिए लड़ पा रहे हैं और हमारे सामने वालों के पास बहुत ताकत है, बहुत पैसा है, अधिकार है और मैंने अकेले ही लड़ाई लड़ी है और भगवान मेरे साथ हैं और आगे भी मेरे साथ रहेंगे। बुराई में इतनी ताकत नहीं होती कि वो सच्चाई को झुका सके।"
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, "27 साल बाद दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमें ऐतिहासिक जीत दिलाई है। पिछले दस सालों से ऐसी सरकार थी जो हमेशा झूठे वादे करती थी। उन्होंने कभी लोगों को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ नहीं उठाने दिया। वे हमेशा झूठ बोलते रहे। उन्होंने (अरविंद केजरीवाल) कहा था कि वे स्वच्छ पानी उपलब्ध कराएंगे, यमुना को साफ करेंगे। उन्होंने कभी कुछ नहीं किया और इसके बजाय हमेशा दूसरों को दोष देते रहे। पिछली बार उन्होंने कहा था कि अगर मैं 2025 तक यमुना नदी को साफ नहीं करता, तो मैं वोट नहीं मांगूंगा। जब वे ऐसा नहीं कर पाए, तो उन्होंने हरियाणा पर आरोप लगाया कि हमने जहर घोल दिया है। लोगों ने इसे समझ लिया है और हम अपनी सरकार बनाने के लिए दिल्ली के लोगों को धन्यवाद देते हैं।"
दिल्ली चुनाव नतीजों पर बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "लोकतंत्र में जनता मालिक होती है। मुझे उम्मीद है कि बीजेपी अपने वादे पूरे करेगी।" यह पूछे जाने पर कि क्या दिल्ली के नतीजों का बिहार चुनाव पर असर पड़ेगा, उन्होंने कहा, "बिहार भारत है - उन्हें (बीजेपी को) यह समझना होगा।"
आतिशी ने उपराज्यपाल से मिलकर दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में इस्तीफा दिया। इसके साथ ही उपराज्यपाल ने दिल्ली की सातवीं विधानसभा भंग कर दी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने लोकसभा के हिसाब से विधायकों को मिलने के लिए बुलाया है। शाम 5 बजे से विधायक आना शुरू होंगे। सचदेवा अलग अलग ग्रुप में विधायकों से बात करेंगे। आगे की रणनीति के लिए वीरेंद्र सचदेवा विधायकों से मुलाकात कर रहे हैं।
संपादक की पसंद