राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपराध बेलगाम है। आए दिन अपराध की घटनाओं ने लोगों के मन में खौफ भर दिया है। अब सोमवार को राजधानी दिल्ली के द्वारका मोड़ पर गोलीबारी की घटना सामने आई है जिस कारण हर कोई हैरान है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस फायरिंग की इस घटना की जांच में जुट गई है। आइए जानते हैं इस घटना के बारे में सबकुछ।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के द्वारका मोड़ के पास सोमवार को ताबड़तोड़ गोलियां चली हैं। 19 राउंड फायरिंग हुई है। अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोलियां मारी हैं। इस पूरी वारदात के पीछे गैंगवॉर के आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारी
द्वारका के मोहन गार्डन थाना क्षेत्र में सोमवार शाम फायरिंग की वारदात से इलाके में हड़कंप है। शाम करीब 6:23 बजे तारक अस्पताल पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक को गोली लगी है। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस जांच में मोहित नाम के व्यक्ति को गोली मारे जाने की बात सामने आई। 28 वर्षीय मोहित कबूलपुर घिटौली, जिला रोहतक का रहने वाला है जिसे तीन बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारी है।
मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए बदमाश
फायरिंग के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन भारी ट्रैफिक के कारण वे अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घायल को गंभीर हालत में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि घायल मोहित पर पहले से दो गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एक हत्या का मामला भी शामिल है। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जहांगीरपुरी में लड़की को गोली मारी
दूसरी ओर दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रही है। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए हैं। लड़की डॉक्टर के क्लीनिक में मौजूद थी। इसी दौरान एक लड़का आया और क्लीनिक के अंदर दाखिल होकर लड़की पर गोली चलाकर फरार हो गया।
ये भी पढ़ें- AAP नेता सत्येंद्र जैन को मिली बड़ी राहत, जानें किस मामले में कोर्ट ने मंजूर की क्लोजर रिपोर्ट
मॉर्निंग वॉक पर निकलीं महिला सांसद की छिन गई चेन, दिल्ली के सबसे VIP इलाके में हुई घटना