1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली को जहरीली हवा से राहत नहीं, वायु गुणवत्ता अभी भी 'खराब', जानिए बुधवार को कितना रहा AQI और पीएम 10 का स्तर?

दिल्ली को जहरीली हवा से राहत नहीं, वायु गुणवत्ता अभी भी 'खराब', जानिए बुधवार को कितना रहा AQI और पीएम 10 का स्तर?

 Published : Nov 05, 2025 09:16 pm IST,  Updated : Nov 05, 2025 09:16 pm IST

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 202 पर है, जो "खराब" श्रेणी में आता है। पीएम10 का स्तर 175.2 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।

Delhi, air pollution- India TV Hindi
दिल्ली में वायु प्रदूषण के चलते फैला धुंध Image Source : PTI

नई दिल्ली:  राजधानी दिल्ली की हवा अभी भी जहरीली बनी हुई है। हालांकि वायु गुणवत्ता में बुधवार को सुधार तो हुआ लेकिन समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक अभी भी "खराब" श्रेणी में दर्ज की गई।  केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 202 पर है, जो "खराब" श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 291 और सोमवार को 309 दर्ज किया गया। प्रमुख प्रदूषक पीएम10 और पीएम2.5 के स्तर में भी गिरावट आई है, पीएम10 का स्तर 175.2 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जबकि एक दिन पहले यह 260 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था तथा पीएम2.5 का स्तर 85.5 रहा, जबकि मंगलवार को यह 128.2 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था।

अभी भी चिंताजनक स्थिति

 सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, शहर के 38 निगरानी स्टेशनों में से 28 ने वायु गुणवत्ता को 300 से अधिक के साथ "बहुत खराब" श्रेणी में बताया। निर्णय समर्थन प्रणाली (डीएसएस) द्वारा गणना की गई दिल्ली में पीएम2.5 में स्थानीय और गैर-स्थानीय आंशिक योगदान के दैनिक औसत के अनुसार, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन का योगदान 16.8 प्रतिशत था, जबकि अन्य अज्ञात स्रोतों का योगदान 44 प्रतिशत था। 

प्रदूषण के कारण

उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों से पता चला है कि बुधवार को पंजाब में पराली जलाने के 94, हरियाणा में 13 और उत्तर प्रदेश में 74 मामले सामने आए। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, बुधवार को शाम और रात के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की गति घटकर 10 किमी प्रति घंटे से नीचे रहने की संभावना है। इसमें कहा गया है कि छह से आठ नवंबर के बीच वायु गुणवत्ता "बहुत खराब" श्रेणी में रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि पिछले 24 घंटों में शहर में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चलीं, जिससे प्रदूषकों के छितराव में मदद मिली। दिवाली के बाद से राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता "खराब" और "बहुत खराब" श्रेणियों के बीच उतार-चढ़ाव करती रही है तथा कई बार "गंभीर" श्रेणी में भी दर्ज की गयी है।

बृहस्पतिवार को कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 1.6 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में बृहस्पतिवार को आसमान साफ ​​रहने का अनुमान है और अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 और 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।