1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली मेट्रो के अंदर अंडा खाने और शराब पीने की एक्टिंग करने वाला युवक गिरफ्तार, VIDEO हुआ था वायरल

दिल्ली मेट्रो के अंदर अंडा खाने और शराब पीने की एक्टिंग करने वाला युवक गिरफ्तार, VIDEO हुआ था वायरल

 Reported By: Kumar Sonu, Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Apr 09, 2025 08:47 pm IST,  Updated : Apr 09, 2025 08:47 pm IST

दिल्ली मेट्रो पुलिस ने आकाश कुमार नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। इस शख्स ने दिल्ली मेट्रो के अंदर अंडा खाते हुए और शराब पीने की एक्टिंग करते हुए वीडियो बनाया था।

Delhi Metro- India TV Hindi
दिल्ली मेट्रो पुलिस ने आकाश कुमार नाम के शख्स को गिरफ्तार किया Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो पुलिस ने मेट्रो ट्रेन में अशोभनीय हरकत करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई है। वह 25 साल का है और शाहदरा, दिल्ली का निवासी है।

क्या है पूरा मामला?

मामला 8 अप्रैल को सामने आया, जब कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के वरिष्ठ स्टेशन प्रबंधक अमर देव ने एक शिकायत दर्ज कराई कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक मेट्रो ट्रेन के अंदर शराब पीते हुए और उबला अंडा खाते हुए नजर आ रहा है। यह वीडियो मेट्रो की मयूर विहार से मौजपुर जाने वाली ट्रेन का बताया गया।

शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। एएसआई हरदीप सिंह को मामले की जांच सौंपी गई। आरोपी की पहचान के लिए डीएमआरसी, सीआईएसएफ और हाउसकीपिंग स्टाफ से पूछताछ की गई। वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुप में भी साझा किया गया ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को बुराड़ी, दिल्ली से दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम आकाश कुमार बताया और कहा कि वह दिल्ली यूनिवर्सिटी से एम.कॉम पास है और अपने माता-पिता व छोटे भाई के साथ किराए के मकान में रहता है।

उसने कबूल किया कि 23 मार्च 2025 की रात करीब 10 बजे उसने वेलकम मेट्रो स्टेशन से कड़कड़डूमा कोर्ट मेट्रो स्टेशन के सफर के दौरान यह वीडियो खुद ही शूट किया था। वीडियो में दिखाई गई शराब असली नहीं थी, बल्कि उसने सॉफ्ट ड्रिंक पीकर लोगों को यह जताने की कोशिश की थी कि वह शराब पी रहा है। उसका मकसद सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल होना था। मेट्रो में इस प्रकार की हरकत करने पर उसके खिलाफ धारा 59, डीएमआरसी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ये मामला उन लोगों के लिए सबक है, जो वायरल होने के लिए दिल्ली मेट्रो के अंदर हरकत करते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।