1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. नहीं बनेगी कचरा डंपिंग के लिए कोई नई जगह, केजरीवाल के दावे को MCD ने किया खारिज

नहीं बनेगी कचरा डंपिंग के लिए कोई नई जगह, केजरीवाल के दावे को MCD ने किया खारिज

 Published : Oct 28, 2022 09:50 pm IST,  Updated : Nov 10, 2022 03:40 pm IST

दिल्ली नगर निगम ने कचरे को डंप करने के लिए 16 नए स्थानों को विकसित करने संबंधी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दावे को खारिज कर दिया। दिल्ली एमसीडी ने कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल(फाइल फोटो)- India TV Hindi
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल(फाइल फोटो) Image Source : PTI

Delhi News: दिल्ली नगर निगम(MCD) ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल(Arvind Kejriwal) के उस दावे को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने कचरे को डंप करने के लिए 16 नए स्थल बनाने की बात कही थी। दिल्ली नगर निगम ने AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल के वादे को खारिज करते हुए कहा कि कचरे को डंप करने के लिए नए स्थानों को विकसित करने जैसी कोई योजना नहीं है। दिल्ली एमसीडी ने शहर के कचरा डालने के ऐसे तीन स्थानों से पुराने कचरे में से अब तक 77 लाख मीट्रिक टन को प्रोसेस्ड(संसाधित) किया है। कचरे को डंप करने वाली जगहों पर कुछ ही सालों में इकट्ठे हुए कचरे ने पहाड़ जैसा आकार ले लिया था।  

'16 नए कचरा डंपिग स्थान बनाने की सूचना गलत'

एमसीडी के निदेशक (प्रेस एवं सूचना) अमित कुमार ने कहा कि निगम द्वारा कचरा डंप करने के लिए 16 और जगह विकसित करने संबंधी इंफोर्मेशन गलत है। कुमार ने कहा, “यह निराधार है। शहर में 16 नए ऐसे स्थान विकसित करने की कोई योजना नहीं है।” दरअसल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गगुरुवार को दावा किया था कि दिल्ली नगर निगम राजधानी में 16 नए 'कचरे के पहाड़' बनाने की योजना बना रही है। सीएम केजरीवाल ने बीजेपी पर दिल्ली के तीन पूर्ववर्ती नगर निगमों में अपने शासन के पिछले 15 साल में तीनों कचरे के पहाड़ों को साफ करने में असफल रहने का भी आरोप लगाया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि आगामी एमसीडी इलेक्शन केवल कचरे के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। 

'दिल्ली का MCD चुनाव सफ़ाई और कूड़े का चुनाव'

हाल में दिल्ली के सीएम ने कहा कि बीजेपी को नगर में कूड़े के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि  दिल्ली नगर निगम का चुनाव राष्ट्रीय राजधानी की सफ़ाई और कूड़े का चुनाव है। दरअसल, इससे पहले बीजेपी ने AAP सरकार पर आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार छठ पूजा से पहले यमुना नदी में झाग को हटाने के लिए जहरीले केमिकल्स का छिड़काव कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने छठ पूजा से पहले यमुना नदी से झाग हटाने के लिए जहरीले केमिकल का छिड़काव करने का AAP सरकार पर आरोप लगाया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।