1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के सरिता विहार में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष: जसोला में दो भाइयों के परिवारों में भिड़ंत, हत्या का मामला दर्ज

दिल्ली के सरिता विहार में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष: जसोला में दो भाइयों के परिवारों में भिड़ंत, हत्या का मामला दर्ज

 Reported By: Kumar Sonu,  Written By: India TV Delhi Bureau Desk
 Published : Oct 23, 2026 03:00 pm IST,  Updated : Oct 23, 2026 03:00 pm IST

दिल्ली के सरिता विहार में दो भाइयों के परिवारों में खूनी झड़प हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज कर आरोपी ओम प्रकाश और उसकी पत्नी चंदा को गिरफ्तार कर लिया है।

delhi- India TV Hindi
दिल्ली के सरिता विहार में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, हत्या का मामला दर्ज Image Source : PTI

दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र स्थित जसोला के राजा मोहल्ला में एक हैरान कर देने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में स्थित जमीन के एक पुराने विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि सुबह-सुबह मामूली बात पर शुरू हुई कहासुनी दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गई। इस हिंसक झड़प में एक व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि परिवार की महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पानी की मोटर से शुरू हुआ विवाद 

घटना 23 अक्टूबर की सुबह करीब 6:40 बजे की है। जसोला के राजा मोहल्ला में दो भाइयों संजय और ओम प्रकाश के परिवारों के बीच पानी की मोटर चलाने को लेकर बहस शुरू हुई। आरोप है कि संजय ने मोटर का बिजली का तार निकाल दिया था जिसके बाद बड़े भाई ओम प्रकाश की पत्नी चंदा और संजय के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि आरोप है कि संजय ने चंदा के बाल खींच लिए।इसके बाद चंदा ने अपने पति ओम प्रकाश को मौके पर बुलाया, जो घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर जसौला पॉकेट गेट नंबर 14 के पास बतौर सुरक्षा गार्ड ड्यूटी कर रहा था। पति के पहुंचते ही मामला और बिगड़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे व मारपीट शुरू हो गई।

पुलिस की कार्रवाई

इस खूनी संघर्ष में संजय के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उसकी मां यमुना और पत्नी सोनी उर्फ नरगिस भी घायल हो गईं। सुबह करीब 7:16 बजे पुलिस को पीसीआर (PCR) कॉल के जरिए इस झगड़े की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को मेडिकल जांच के लिए मदन मोहन मालवीय अस्पताल भेजा।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों भाइयों के बीच यूपी के प्रतापगढ़ में 5 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से कानूनी और आपसी विवाद चल रहा था। इसके अलावा, पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि आरोपी ओम प्रकाश के खिलाफ साल 2015 में भी सरिता विहार थाने में आईपीसी की धारा 323 और 341 के तहत मामला दर्ज रह चुका है। इस बार पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया है और आरोपी ओम प्रकाश तथा उसकी पत्नी चंदा को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें:

दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल, 25 IPS और DANIPS अधिकारियों के ट्रांसफर, देखें पूरी लिस्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।