राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में मंगलवार को लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। दिनभर चिलचिलाती धूप के बाद करीब 3 बजे दिल्ली एनसीआर में धूल भरी आंधी और बारिश देखने को मिली है। जबरदस्त धूल भरी आंधी के कुछ ही देर बाद दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हुई है। दिल्ली के साथ ही यूपी के नोएडा में भी धूल भरी आंधी देखने को मिली है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में आने वाले कुछ घंटों के दौरान आंधी आने, बिजली चमकने और बारिश के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। IMD के अनुसार, दिल्ली में कई जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, ज्यादातर हिस्सों में बिजली कड़कने और 80-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान भी जताया गया है। जानकारी के अनुसार, मौसम विभाग ने अधिकारियों और आपदा प्रबंधन अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है और उन्हें जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह भी दी है।
न्यूनतम और अधिकतम तापमान कितना?
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ये तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है। इससे पहले मौसम विभाग ने मंगलवार को दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया था।
दिल्ली का AQI कैसा रहा?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ओर से जारी किए गए डेटा के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली की औसत वायु गुणवत्ता यानी कि AQI 145 दर्ज किया गया है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि AQI को 0 से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।