1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली NCR में बारिश ने भीषण गर्मी से दिलाई राहत, रविवार को भी सुहाना रहेगा मौसम

दिल्ली NCR में बारिश ने भीषण गर्मी से दिलाई राहत, रविवार को भी सुहाना रहेगा मौसम

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 02, 2026 10:42 pm IST,  Updated : May 02, 2026 10:50 pm IST

शनिवार रात बारिश के कारण दिल्ली एनसीआर के तापमान में गिरावट आई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। रविवार को भी हल्की बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं।

Delhi Rain- India TV Hindi
दिल्ली एनसीआर में बारिश Image Source : X/ANI

दिल्ली एनसीआर में शनिवार रात बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान कम हुआ और लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, तेज हवाएं भी चलेंगी। इससे मौसम सुहाना बना रहेगा और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में तेज बारिश के बीच लोग अपने घरों की तरफ लौटते दिखे।

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान बारिश के कारण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग की चेतावनी में बारिश और गरज के साथ तूफान की चेतावनी दी गई है। आईएमडी ने यह भी साफ किया है कि दिल्ली में अगले सप्ताह लू नहीं चलेगी।  आईएमडी के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

अगले सप्ताह नहीं चलेगी लू

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "रविवार को गरज, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।" 'स्काईमेट' के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया, "आने वाले दिनों में नए पश्चिमी विक्षोभ के क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है, जिससे आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण बनेगा। अगले कुछ दिनों तक शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है और कम से कम अगले सप्ताह तक लू चलने की कोई संभावना नहीं है।" इस बीच, शहर की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को शाम चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 144 (मध्यम) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को इस समय एक्यूआई 120 था।

हीटवेव से बचाने के लिए दिल्ली सीएम के निर्देश

दिल्ली में लोगों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कई आदेश जारी किए हैं। इनमें मजदूरों को दोपहर के समय में आराम देना, डीटीसी बसों में पीने के पानी की व्यवस्था करना, बस शेल्टर पर ओआरएस देना, अस्पतालों में कूलिंग एरिया बनाना और हीटवेव की चपेट में आए लोगों के इलाज की व्यवस्था करना शामिल है। इसके अलावा स्कूलों में बच्चों के लिए पानी और ओआरएस की व्यवस्था की जा रही है। लोगों को गर्मी से बचाने के लिए वॉलंटियर्स अलग-अलग जगहों पर कैप और कॉटन के मफलर बांट रहे हैं।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में अब निजी स्कूलों की नहीं चलेगी मनमानी, फीस को लेकर DoE ने दिए कड़े निर्देश

लोगों को हीटवेव से बचाने के लिए सीएम रेखा गुप्ता ने जारी किए आदेश, मजदूरों को दोपहर में 1-4 बजे तक आराम जरूरी

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।