1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi News: दिल्ली में छठ महापर्व से पहले यमुना फिर प्रदूषित, दिख रहे सफेद झाग

Delhi News: दिल्ली में छठ महापर्व से पहले यमुना फिर प्रदूषित, दिख रहे सफेद झाग

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Oct 27, 2022 01:36 pm IST,  Updated : Oct 27, 2022 02:37 pm IST

Delhi News: छठ महापर्व शुक्रवार से शुरू हो रहा है। लेकिन इससे पहले यमुना की हालत बहुत खराब हो गई है। दिल्ली के कई इलाकों में यमुना में सफेद झाग दिखाई दे रहे हैं। सूरज को अर्घ्य देने वालों को इस कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यमुना प्रदूषित, दिख रहे सफेद झाग, कालिंदीकुंज में स्थिति और खराब।- India TV Hindi
यमुना प्रदूषित, दिख रहे सफेद झाग, कालिंदीकुंज में स्थिति और खराब। Image Source : FILE

दिवाली के बाद अब छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार से छठ महापर्व का आगाज हो जाएगा। लेकिन चार दिनों तक चलने वालीे इस महापर्व से पहले यमुना नदी को लेकर यह चिंता है कि नदी का पानी और भी प्रदूषित हो गया है। गुरुवार को यमुना जहरीले सफेद झाग से भर गया। इस नदी में हर ओर झाग दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, छठ पूजा के दौरान यमुना घाट पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। यहां लोग घाटों पर सूर्य देवता को सुबह और शाम के समय अर्ध्य देते हैं। ऐसे में यमुना नदी में जहरीले झाग बढ़ने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

दिल्ली: कांलिदी कुंज के पास झाग से सफेद दिखने लगी यमुना

वैसे दिल्ली की फिजा भी खतरनाक प्रदूषण की चपेट में है। राष्‍ट्रीय राजधानी से होकर गुजरने वाली यमुना नदी में वैसे ही प्रदूषण का स्‍तर कम नहीं रहता है, लेकिन गुरुवार को मामला और चिंताजनक दिखा। यमुना में हर तरफ सफेद झाग दिखने लगे। कालिंदी कुंज के पास यमुना झाग की वजह से सफेद हो गई। जहरीले झाग की वजह से से यमुना में प्रदूषण का स्‍तर भी काफी बढ़ गया है। 

28 अक्टूबर से हो रहा महापर्व का आगाज 

यमुना की यह हालत तब है जब कल 28 अक्टूबर से छठ पूजा का आगाज होने जा रहा है। इस महापर्व में दिल्‍ली के विभिन्‍न क्षेत्रों में यमुना नदी पर बने घाटों पर छठ व्रती यमुना में प्रवेश कर स्‍नान करती हैं और श्रद्धालु भगवान भास्‍कर को अर्घ्‍य चढ़ाते हैं।

वायु प्रदूषण से बिगड़ गई है दिल्ली की फिजा

दिवाली के बाद दिल्‍ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति भी गंभीर हो चुकी है। एक्‍यूआई का स्‍तर काफी खतरनाक स्‍तर तक पहुंच चुका है। आज गुरुवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स  (AQI) 266 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। दिल्ली में दिवाली की शाम ही प्रदूषण का लेवल बढ़ना शुरू हो गया था, फिर रात में हुई आतिशबाजी के बाद अगली सुबह हवा की क्वालिटी और खराब हो गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।