दिल्ली नगर निगम द्वारा लिए गए इस फैसले से दिल्लीवालों को बड़ी राहत मिलेगी। जानकारी अनुसार, इन 38 नए पार्किंग स्थलों पर एक साथ 6,100 से अधिक वाहन पार्क किए जा सकेंगे। जिसमें विशेष रूप से 4,723 कारें, 1,311 बाइक-स्कूटर और 148 बस व ट्रक खड़े करने की पर्याप्त जगह होगी। बताया जा रहा है कि इस सप्ताह ही इन नई पार्किंग्स को शुरू करने के लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। वर्तमान में एमसीडी के पास दिल्ली के 12 जोन में 408 पार्किंग स्थल हैं, जहां 84,000 से ज्यादा गाड़ियां खड़ी की जा सकती हैं। अब इनमें 38 नए पार्किंग स्थलों के जुड़ने से दिल्ली में अधिकृत पार्किंग की कुल संख्या 445 हो जाएगी।
कुल कितनी गाड़ियां पार्क हो सकेंगी?
अधिकारियों ने बताया कि नए पार्किंग स्थलों को जोड़ने का मुख्य उद्देश्य राजधानी के व्यस्त व्यावसायिक और रिहायशी इलाकों में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराना है और सड़कों पर लगने वाले जाम को कम करना है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि नए चिन्हित किए गए 38 पार्किंग स्थलों पर 4,723 चारपहिया, 1,311 दुपहिया और 148 बसों और ट्रकों को पार्क किया जा सकेगा।
आपके इलाके में कहां बनेगी सबसे बड़ी पार्किंग?
नए पार्किंग स्थलों में सबसे बड़ी सुविधा द्वारका सेक्टर-14 में वेगास मॉल के निकट स्थित एक स्थान पर विकसित की जाएगी, जहां 806 वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी। इसी क्षेत्र में ब्रिटिश सैलून-ककरोला मोड़ से द्वारका मोड़ सर्विस लेन तक स्थित एक अन्य प्रमुख पार्किंग स्थल पर 700 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी। शाहदरा दक्षिण जोन के पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र में चिन्हित कई भूखंडों और सड़क किनारे के हिस्सों को मिलाकर 1,800 से अधिक नए पार्किंग स्थान विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा करोल बाग, रोहिणी, सिटी एसपी, दक्षिण, पश्चिम, मध्य, सिविल लाइंस और केशव पुरम जोन में भी नए पार्किंग स्थलों की पहचान की गई है।
दिल्ली के किस जोन में है सबसे ज्यादा पार्किंग क्षमता?
अधिकारियों के अनुसार, एमसीडी के सभी जोन में केंद्रीय जोन की पार्किंग क्षमता सबसे अधिक है। यहां 54 पार्किंग स्थलों, जिनमें 27 क्लस्टर पार्किंग सुविधाएं शामिल हैं, पर 23,000 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था है। केशव पुरम जोन में 56 पार्किंग स्थलों पर 9,135 वाहनों तथा शाहदरा उत्तर जोन में 74 पार्किंग स्थलों पर 8,785 वाहनों के लिए पार्किंग की क्षमता है। दक्षिण जोन में 41 पार्किंग स्थलों पर 8,087 वाहनों, करोल बाग जोन में 51 स्थलों पर 7,995 वाहनों, सिटी एसपी जोन में 46 स्थलों पर 6,884 वाहनों, पश्चिम जोन में 29 स्थलों पर 6,803 वाहनों तथा रोहिणी जोन में 11 स्थलों पर 6,492 वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। सिविल लाइंस जोन में आठ पार्किंग स्थलों पर 1,671 वाहनों तथा नजफगढ़ जोन में आठ पार्किंग स्थलों पर 1,367 वाहनों के लिए पार्किंग की क्षमता है।
(Input PTI)
यह भी पढ़ें: