नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारत मंडपम में हुए ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन के मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि इस घटना के पीछे 'गहरी साजिश' के ठोस सबूत मिले हैं। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के स्पेशल सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया, 'अब तक की जांच के आधार पर हमें ठोस सबूत मिले हैं कि यह घटना एक गहरी साजिश के तहत की गई थी। इस मामले की आगे की जांच अब क्राइम ब्रांच की इंटरस्टेट सेल को सौंप दी गई है। विस्तृत जांच चल रही है।'
Related Stories
BNS की कई धाराओं में दर्ज हुई है FIR
क्राइम ब्रांच के स्पेशल सीपी ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच अब इंटरस्टेट सेल संभालेगी और पूरी डिटेल में जांच की जाएगी। बता दें कि 20 फरवरी को समिट के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया। उन्होंने 'Compromised Prime Minister' लिखे पोस्टर लगाए थे। इस घटना के खिलाफ तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में BNS की कई धाराओं में FIR दर्ज की गई है। आरोपियों पर 61(2), 121(1), 132, 190, 195(1), 221, 223(A), 196, 197 और 3(5) धाराएं लगाई गई हैं। इनमें धारा 196 (धर्म, जाति, भाषा आदि के आधार पर दुश्मनी फैलाना) गैर-जमानती है।
आरोपियों को रिमांड में लेकर पूछताछ
बता दें कि युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब पर भी यही धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने सभी 8 आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की है। इनमें भारतीय युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी शामिल हैं। उदय भानु चिब को गिरफ्तार करने के बाद उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। दिल्ली पुलिस ने साफ कहा है कि जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर और लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। भारत AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रदर्शन किया था जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू कर दी थी। एक वैश्विक आयोजन में इस तरह के विरोध प्रदर्शन पर बीजेपी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला था।