1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. IYC के अध्यक्ष उदय भानु चिब को 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया, भारत मंडपम प्रदर्शन मामले में बड़ी कार्रवाई

IYC के अध्यक्ष उदय भानु चिब को 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया, भारत मंडपम प्रदर्शन मामले में बड़ी कार्रवाई

 Reported By: Atul Bhatia,  Kumar Sonu Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Feb 24, 2026 09:42 am IST,  Updated : Feb 24, 2026 12:33 pm IST

इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। छत्तीसढ़ के पूर्व सीएम बघेल ने कहा कि वह इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हैं।

उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार- India TV Hindi
उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

दिल्ली में एआई समिट के दौरान भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन के मामले में लगातार गिरफ्तारी हो रही है। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उदय भानु चिब को 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। मालूम हो कि भारत मंडपम में प्रदर्शन मामले में अब तक कुल 8 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

पटियाला हाउस कोर्ट में बढ़ाई गई थी सुरक्षा

गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में उदय भानु चिब को पेश किया था। इस दौरान पटियाला हाउस कोर्ट के बाहर और अंदर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। पैरा मिलट्री फोर्स को तैनात किया गया था। कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता जमा हुए थे।

ये गिरफ्तारी पूरी तरह से असंवैधानिक- कांग्रेस

उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस पार्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस ने लिखा कि दिल्ली पुलिस ने IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब जी को गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी पूरी तरह से असंवैधानिक है। देश के संविधान ने हर नागरिक को विरोध का अधिकार दिया है। हम इन हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं। हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे, उनके लिए लड़ते रहेंगे।

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम ने की कड़ी निंदा

इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा उदय भानु चिब एवं अन्य युवा साथियों की गैरकानूनी गिरफ्तारी की मैं कड़ी निंदा करता हूं।

शांतिपूर्ण तरीके से किया गया प्रदर्शन

पूर्व सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'सरकार यह भूल रही है कि लोकतंत्र में युवाओं का आवाज उठाना, सवाल पूछना और विरोध करना अपराध नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सबसे मजबूत हथियार है। हमारे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना किसी हिंसा या उकसावे के सिर्फ शांतिपूर्ण तरीके से प्रधानमंत्री के समझौतों और युवाओं की अनसुनी पीड़ा को सामने लाया है।'

सरकार पुलिसिया दमन का ले रही सहारा

बघेल ने कहा कि यह एक साहसी, जायज और लोकतांत्रिक कदम था, जिसे दबाने के लिए अब सरकार के द्वारा पुलिसिया दमन का सहारा लिया जा रहा है। यह कार्रवाई न केवल गैरकानूनी है, बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र पर सीधा हमला भी है।

IYC कार्यकर्ताओं को तुरंत किया जाए रिहा

पूर्व सीएम ने कहा कि हम मांग करते हैं कि उदय भानु चिब सहित सभी गिरफ्तार IYC कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और उन पर लगाए गए सभी झूठे आरोप वापस लिए जाएं तथा इस तरह की दमनकारी कार्रवाईयों को तत्काल रोका जाए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत