1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई, मंजीत महल गैंग का गैंगस्टर लोकेश उर्फ सूर्या गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई, मंजीत महल गैंग का गैंगस्टर लोकेश उर्फ सूर्या गिरफ्तार

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: India TV Delhi Bureau Desk
 Published : Jul 15, 2026 06:50 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 06:57 pm IST

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने मंजीत महल गैंग के मेंबर लोकेश उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर राजस्थान पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी के पास से हथियार बरामद हुए हैं और उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Gangster Lokesh Alias Surya Arrest- India TV Hindi
गैंगस्टर लोकेश उर्फ सूर्या गिरफ्तार Image Source : FILE IMAGE

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने मंजीत महल गैंग के सक्रिय सदस्य और लंबे समय से फरार चल रहे गैंगस्टर लोकेश उर्फ सूर्या को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर राजस्थान पुलिस ने इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी को गुरुग्राम से पकड़ा गया।  पुलिस ने उसके कब्जे से रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस, कार और मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी पर 20 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क की जांच कर रही है।

राजस्थान सरकार ने घोषित किया था इनाम

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने मंजीत महल गैंग के गैंगस्टर लोकेश उर्फ सूर्या को गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी गुरुग्राम के सेक्टर-29 इलाके से की गई। आरोपी पर राजस्थान पुलिस ने 20,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

आरोपी के कब्जे से हथियार बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रिवॉल्वर और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत नया केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की ग्लांजा कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

गैंग का सक्रिय सदस्य

लोकेश उर्फ सूर्या लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी मंजीत महल गैंग का सक्रिय सदस्य है।

आरोपी के खिलाफ दर्ज आपराधिक रिकॉर्ड

आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पर राजस्थान के भिवाड़ी अपहरण और लूटकांड में भी वांछित होने का आरोप है।

पुराने मामलों में नाम

वर्ष 2019 के विकासपुरी अमित कोचर हत्याकांड में भी आरोपी का नाम सामने आया था। आरोप है कि रंगदारी नहीं मिलने पर साथी बदमाशों के साथ मिलकर हत्या की थी। इसके अलावा कापसहेड़ा नरेश राणा मर्डर केस में भी आरोपी की कथित भूमिका रही है।

आगे की जांच जारी

स्पेशल सेल के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी से दिल्ली-एनसीआर में गैंग से जुड़ी कई गंभीर आपराधिक वारदातों की साजिश नाकाम हुई है। आरोपी से पूछताछ कर उसके गैंग और अन्य साथियों के नेटवर्क की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में मकान बेचने के विवाद पर व्यक्ति की हथौड़े से पीटकर की हत्या, झाड़ियों में मिला शव, दो गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।