1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. रोहिणी में दिल्ली पुलिस का कड़ा एक्शन, 48 घंटे चले 'ऑपरेशन शस्त्र' के दौरान 20 लोग गिरफ्तार

रोहिणी में दिल्ली पुलिस का कड़ा एक्शन, 48 घंटे चले 'ऑपरेशन शस्त्र' के दौरान 20 लोग गिरफ्तार

 Published : Jun 19, 2026 11:02 pm IST,  Updated : Jun 19, 2026 11:02 pm IST

दिल्ली के रोहिणी इलाके में दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन शस्त्र' चलाकर गोगी गैंग के सहयोगियों समेत 20 अपराधियों को गिरफ्तार किया। तलाश में पिस्तौल, तमंचे और चाकू भी बरामद किए गए। पढ़ें पूरी खबर।

Operation Shastra - India TV Hindi
ऑपरेशन शस्त्र Image Source : UNSPLASH

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रोहिणी जिले में संगठित अपराध और स्ट्रीट क्राइम पर कड़ा शिकंजा कसने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा कूटनीतिक और रणनीतिक अभियान चलाया। दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन शस्त्र' नामक दो दिवसीय मुहिम के दौरान तीन कुख्यात अपराधियों और गोगी गिरोह के एक कथित सहयोगी सहित 20 लोगों को शिकंजे में लिया और अवैध हथियार और चाकू इनसे बरामद किए। आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर। 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार  'ऑपरेशन शस्त्र' नाम के इस अभियान को 17 और 18 जून को अंजाम दिया गया। यह अभियान पूरे रोहिणी जिले में चलाया गया था। इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य अवैध हथियार रखने वालों और अपाराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले गैंग्स की कमर तोड़ना था। अधिकारियों ने बताया कि शस्त्र अभियान के दौरान शस्त्र अधिनियम के 20 मामले दर्ज किए गए। इस ऑपरेशन में एक पिस्तौल, 12 कारतूस, 10 तमंचे, नौ चाकू बरामद हुए। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने आगे बताया कि इस अभियान के दौरान पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष रूप से नाकाबंदी की और व्यापक रूप से वाहनों की जांच की। इसके साथ ही घोषित अपराधियों, कुख्यात अपराधियों और जमानत पर चल रहे अपराधियों के घरों को भी पुलिस के द्वारा खंगाला गया। पुलिस के अनुसार लगातार निगरानी रखने के लिए पुलिस की 15 टीमें जिले में तैनात की गई थीं। 

इस कड़े ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए रोहिणी जिले में पुलिस की टीमों ने 40-50 कुख्यात अपराधियों और बदमाशों की जांच भी की और संदिग्ध ठिकानों पर भी तलाशी की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पृष्ठभूमि जांचते हुए पता चला कि 13 आरोपी सामूहिक रूप से 88 पुराने आपराधिक मामलों में लिप्त थे। वहीं 6 आरोपियों का काई भी पुराना आपराधिक मामला सामने नहीं आया है।

जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है उनमें मंगोलपुरी का रहने वाला काली चरण उर्फ कालू (28) भी शामिल है। रोहित ऊर्फ नरेश उर्फ लुल्लू (32) नाम के एक आरोपी को बेगमपुर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया जिसके पास से एक तमंचा पुलिस को मिला। इस अपराधी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और चोरी से जुड़े कई मामलों के साथ ही 11 अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने इंद्रजीत उर्फ गोलू (26) को गिरफ्तार करने उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। यह अपराधी एक नाबालिग के अपहरण और यौन उत्पीड़न के मामले में पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामलों में वांछित था। वहीं एक अन्य अपराधी पवन (26) को पुलिस ने सुल्तानपुरी से गिरफ्तार किया इसके पास से भी तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। 

ये भी पढ़ें- 

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अगवा हुआ था 1.5 साल का बच्चा, पुलिस ने ऐसे किया चाइल्ड ट्रैफिकिंग गैंग का भंडाफोड़, 8 को दबोचा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।