नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में अगले दो घंटे के दौरान धूल भरी आंधी के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने ट्वीट कर कहा कि अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ स्थानों (जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका, पालम, आईजीआई एयरपोर्ट, वसंत विहार, वसंत कुंज, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर, इग्नू, आयानगर, डेरामंडी), एनसीआर (गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, बल्लभगढ़) में मध्यम गरज और बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
Related Stories
बता दें कि दिल्ली-NCR में गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक जमकर बारिश हुई थी, जिसने मौसम को ठंडा और सुहाना बना दिया था। आज की बात करें तो सुबह न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से 2.5 डिग्री कम है। कुछ घंटे पहले हुई बारिश का असर अभी तक बना हुआ है और लोगों को गर्मी की तकलीफ नहीं झेलनी पड़ रही है।
आज भी बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी कि IMD ने शनिवार को दिन में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। रात की बारिश ने दिल्लीवालों को गर्मी से राहत दी, और दिन में बारिश होने पर मौसम और खुशनुमा हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम अपडेट्स पर नजर रखें। IMD के मुताबिक, सफदरजंग मौसम केंद्र ने गुरुवार रात 2:30 बजे से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक सिर्फ 6 घंटों में 77 मिमी बारिश दर्ज की। यह 1901 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से मई महीने में दिल्ली में 24 घंटे के भीतर हुई दूसरी सबसे ज्यादा बारिश है। सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड 119.3 मिमी का है, जो मई 2021 में दर्ज हुई था।
बारिश में बरतें ये सावधानियां
बारिश के दौरान कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सड़कों पर जलभराव से बचने के लिए यात्रा से पहले रास्तों की जानकारी लें और ट्रैफिक अपडेट्स चेक करते। साथ ही गीले कपड़े और जूते पहनने से बचें, क्योंकि इससे बीमारी हो सकती है। घर में बिजली के उपकरणों को गीले हाथों से न छुएं क्योंकि यह खतरनाक हो सकता है। बारिश में बेवजह घर से बाहर न निकलें और अगर बाहर जाना ही पड़े तो छाता या रेनकोट जरूर साथ रखें। सड़क पर फिसलन और खुले मैनहोल से सावधान रहें। मौसम अपडेट्स पर नजर रखें और आपात स्थिति के लिए जरूरी नंबर तैयार रखें। (भाषा से इनपुट्स के साथ)