दिल्ली के हौज खास इलाके से एक दर्दनाक घटना की खबर सामने आई है। इलाके में एक रिटायर्ड आईएएस अफसर की उनके घर में दम घुटने से मौत हो गयी। सामने आई जानकारी के अनुसार, बीती रात एसी यूनिट में ब्लास्ट के बाद उनके कमरे में धुआं फैल गया था। धुआं फैलने के बाद वहां मौजूद रिटायर्ड IAS धनेंद्र कुमार और उनका बेटा बेहोश हो गए। जानकारी के मुताबिक, दोनों को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान रिटायर्ड IAS धनेंद्र कुमार की मौत हो गयी।
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली के हौज खास इलाके में बीती रात एक मकान में आग लगने से रिटायर्ड IAS धनेंद्र कुमार की मौत के मामले में पुलिस का बयान भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक रात करीब 11:18 बजे R-15 हौज खास स्थित घर में आग लगने की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पता चला है कि एसी के इंडोर यूनिट में ब्लास्ट होने से आग लगी। दमकल की दो गाड़ियों में मिलकर आग पर काबू पाया।
रिटायर्ड आईएएस की अस्पताल में मौत
एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि हादसे के दौरान घर से सुरक्षित बाहर निकालने के बाद रिटायर्ड IAS धनेंद्र कुमार और उनके बेटे को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान धनेंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, जब ये हादसा हुआ तब घर में परिवार के सदस्य और घरेलू सहायकों समेत कुल पांच लोग मौजूद थे। फिलहाल पुलिस और क्राइम टीम मामले की जांच कर रही है। अभी तक इस मामले में किसी साजिश की आशंका नहीं जताई गई है।
बेटा खतरे से बाहर
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए रिटायर्ड आईएएस के बेटे का इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के हिसाब से जानकारी दी है कि घर में लगे एसी के कमरे के अंदर वाले हिस्से में विस्फोट होने के कारण यह आग लग सकती है। इस घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में बदला मौसम, आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट