नई दिल्लीः दिल्ली के निहाल विहार इलाके में 25 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मेकअप आर्टिस्ट युवती का शव अपने दोस्त के कमरे में फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें एक परिचित व्यक्ति का नाम सामने आया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत थाना निहाल विहार में केस दर्ज किया गया है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पुलिस का कहना है कि युवती ने सुसाइड किया है। जबकि युवती के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को दोपहर करीब 2:15 बजे थाना निहाल विहार में आत्महत्या की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी । सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के द्वारा युवती को तुरंत बालाजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण एंटी-मॉर्टम हैंगिंग बताया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
चोर की पीट-पीटकर हत्या
वहीं, रोहिणी इलाके में चोरी की नीयत से घर मे घुसे युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना में शामिल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, कंझावला इलाके में बीती रात 2 बजे एक मजदूर के घर में चोरी करने के लिए घुसा था। लेकिन घर में सो रहा व्यक्ति जग गया और चोरी करते हुए देख लिया। इसके बाद चोर ने ही उसके ऊपर हमला कर सिर फोड़ दिया। जिसके बाद आसपास के लोग जग गए और चोर को पहचान लिया ,उसने कुछ दिन पहले ही एक घर से गैस सिलेंडर चोरी किया था।
लोगों ने चोर को पकड़ कर हाथ पैर बांध दिया और उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल चोर को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गयी। मृतक चोर पर पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।