देश की राजधानी दिल्ली में इस साल दशहरे पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ कॉकरोच का 30 फुट ऊंचा पुतला भी जलाया जाएगा। पीतमपुरा में रामलीला का आयोजन करने वाली श्री केशव रामलीला समिति ने यह फैसला लिया है।
"कॉकरोच गंदगी और मैल का प्रतीक"
समिति के मुताबिक, कॉकरोच गंदगी और मैल का प्रतीक है। इसके पुतले को जलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। समिति ने इसे स्वच्छ भारत और स्वच्छ दिल्ली अभियान से भी जोड़ा है।
समिति के अध्यक्ष और बीजेपी विधायक अशोक गोयल ने बताया कि इस फैसले के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। गोयल के अनुसार, रामलीला में रावण की सेना के असुरों के बीच 'कॉकरोच' को भी दिखाया जाएगा।
बता दें कि यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है। पार्टी के प्रदर्शन के बाद जुलाई में तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था। अब, CJP मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है।
अभिजीत दिपके का तिरंगा मार्च
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके एक बार फिर दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में तिरंगा मार्च निकालने का ऐलान किया है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के साथ 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे मार्च में शामिल होने की अपील की है। इस मार्च के लिए दिपके ने 'लहरा दो तिरंगा' का नारा दिया है।
दो दिन बंद रहेगा सेंट्रल पार्क
वहीं, दिल्ली के कनॉट प्लेस पर स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिनों यानी शुक्रवार और शनिवार के लिए बंद कर दिया गया है। दिल्ली के कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को बंद किए जाने को लेकर नई दिल्ली म्युनिसिपल काउंसिल के निदेशक की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन में कहा गया है, "प्रशासनिक कारणों से, 16 अक्टूबर 2026 और 17 अक्टूबर 2026 को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क आम जनता के लिए बंद रहेगा।"
दिल्ली हाई कोर्ट में प्रदर्शन को लेकर हुई सुनवाई
CJP के प्रदर्शन के खिलाफ गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई भी हुई। कनॉट प्लेस स्ट्रीट वेंडर्स ने ये याचिका दायर की थी और प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की थी। हालांकि, कोर्ट ने प्रदर्शन पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का दिया भरोसा
दूसरी तरफ, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को भरोसा दिया है कि वे पूरी तरह तैयार हैं और शुक्रवार को होने वाले CJP के प्रदर्शन और अभिजीत दिपके को कंट्रोल करने के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। इसके बाद हाई कोर्ट ने दिल्ली पुलिस के बयान को रिकॉर्ड पर लिया और शुक्रवार के प्रदर्शन पर रोक नहीं लगाई।
ये भी पढ़ें-
VIDEO: वाराणसी में जोरदार धमाका, जमींदोज हुआ तीन मंजिला मकान