1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi Air Pollution: दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में, रविवार से हो सकता है सुधार

Delhi Air Pollution: दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में, रविवार से हो सकता है सुधार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 20, 2021 09:45 pm IST,  Updated : Nov 20, 2021 09:50 pm IST

मौसम विभाग ने रविवार की सुबह आसमान साफ रहने और हल्का कोहरा छाये रहने का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 डिग्री और 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Delhi Air pollution: दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में, रविवार से हो सकता है सुधार - India TV Hindi
Delhi Air pollution: दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में, रविवार से हो सकता है सुधार  Image Source : PTI FILE PHOTO

Highlights

  • तेज हवाओं के कारण रविवार से दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद
  • दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
  • मौसम विभाग ने रविवार की सुबह आसमान साफ रहने और हल्का कोहरा छाये रहने का अनुमान जताया

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। हालांकि, तेज हवाओं के कारण रविवार से इसमें उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है। शनिवार को सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 377 दर्ज किया गया। शुक्रवार को यह आंकड़ा 370 था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है। पड़ोसी जिले गाजियाबाद (346), गुड़गांव (348) और नोएडा (357), ग्रेटर नोएडा (320) और फरीदाबाद (347) में भी वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गयी। 

बता दें कि, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘‘अच्छा’’, 51 और 100 के बीच एक्यूआई को ‘‘संतोषजनक’’, 101 और 200 के बीच ‘‘मध्यम’’, 201 और 300 के बीच ‘‘खराब’’, 301 और 400 के बीच ‘‘बेहद खराब’’ तथा 401 और 500 के बीच एक्यूआई को ‘‘गंभीर’’ श्रेणी में माना जाता है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया 

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शाम 5.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 85 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार की सुबह आसमान साफ रहने और हल्का कोहरा छाये रहने का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 डिग्री और 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।